Newsआष्टाइछावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

जिला न्यायालय में लगा रक्तदान शिविर, प्रधान जिला न्यायाधीश ने स्वयं रक्तदान कर दिया संदेश

सीहोर। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजीव कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में गुरुवार 1 अक्टूबर को जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर भवन में विशाल स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर के शुभारंभ पर सर्वप्रथम प्रधान जिला न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल ने स्वयं रक्तदान कर न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और वकीलों को प्रेरित किया। उनके इस कदम के बाद अन्य न्यायिक अधिकारियों सहित कुल 26 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही बेहतर कार्यक्षमता का मुख्य आधार है। न्यायिक परिवार के सभी सदस्यों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और जागरूकता बेहद आवश्यक है। रक्तदान एक अत्यंत पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से हम किसी जरूरतमंद का जीवन बचा सकते हैं।
80 लोगों की बीपी-शुगर जांच
जिला चिकित्सालय सीहोर की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा शिविर में व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 80 अधिकारियों-कर्मचारियों की बीपी और शुगर की जांच की गई, जबकि 70 लोगों के विभिन्न ब्लड टेस्ट के लिए सैंपल एकत्र किए गए। शिविर में ईएनटी, मेडिसिन, सर्जरी, अस्थिरोग, नेत्र, दंत, मनोरोग और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों ने नि:शुल्क परामर्श और जांच सेवाएं दीं।
शिविर की शुरुआत में जिला अस्पताल के डॉ. आरके वर्मा द्वारा आपदा प्रबंधन के तहत कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन का लाइव प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में मरीज की जान बचाने के लिए सीपीआर की उपयोगिता और प्राथमिक उपचार की व्यावहारिक जानकारी साझा की। इसके अलावा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर डेहरिया ने स्वास्थ्य विभाग की आभा और आरोग्य सेतु 2.0 ऐप जैसी आधुनिक तकनीकों के प्रयोग के बारे में विस्तार से बताया।
शिविर में कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश वैभव मण्डलोई, विशेष न्यायाधीश हेमंत जोशी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव व न्यायाधीश स्वप्नश्री सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी फारूक अहमद सिद्दीकी, सिविल सर्जन डॉ. उमेश श्रीवास्तव, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, पैनल अधिवक्ता, पैरालीगल वॉलेंटियर्स और जिला न्यायालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button