बुदनी विधायक रमाकांत भार्गव ने विधानसभा सत्र में पूछा सिर्फ एक सवाल

सीहोर। मध्यप्रदेश विधानसभा के हाल ही में समाप्त हुए मानसून सत्र में बुदनी विधायक रमाकांत भार्गव ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सिर्फ एक ही सवाल पूछा। मीडिया रिपोट्स के अनुसार विधानसभा की ई.विधानसभा ऐप पर डाउनलोड की गई जानकारी में इस सत्र में कुल 230 विधायकों में से 162 विधायकों ने सवाल पूछे, जबकि 68 विधायकों ने कोई सवाल नहीं लगाया। सत्र के दौरान कुल 3,377 सवाल पूछे गए।
विधानसभा सत्र के नियम अनुसार एक विधायक प्रति बैठक अधिकतम चार सवाल पूछ सकते हैं। हालांकि इस दौरान बुदनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रमाकांत भार्गव ने एक ही सवाल किया है। बता दें विधायक रमाकांत भार्गव हाल ही में संपन्न हुए उपचुनाव में विजयश्री हासिल कर विधानसभा हैं। पूर्व सीएम व केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इस सीट को रिक्त किए जाने पर यहां उपचुनाव हुए थे। बीजेपी से प्रत्याशी रमाकांत भार्गव रहे, जबकि कांग्रेस की ओर से राजकुमार पटेल थे। हालांकि इस चुनाव में श्री भार्गव महज 13 हजार मतों से ही चुनाव जीत सके, जबकि 2023 के मुख्य चुनाव में इसी सीट से शिवराज सिंह चौहान ने करीब 1 लाख 4 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी।