Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बुधनी टॉय विलेज से बदलेगी अर्थव्यवस्था, एडीबी के विशेषज्ञों ने किया प्रोजेक्ट का निरीक्षण

सीहोर। बुधनी के प्रसिद्ध लकड़ी के खिलौना उद्योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और क्षेत्र के कायाकल्प के लिए चल रही बुधनी एकीकृत विकास अब तेजी से आकार ले रही है। इसी सिलसिले में सोमवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक के विशेषज्ञ दल ने यहां निर्माणाधीन टॉय विलेज (खिलौना गांव) का विशेष निरीक्षण किया और जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की इस टीम ने प्रोजेक्ट की गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे बुधनी के विकास, स्थानीय रोजगार और पर्यटन के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर बताया।
बता दें मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की भोपाल इकाई के तहत चल रहे इस प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने पहुंचे एडीबी के विशेषज्ञ दल में विवेक विशाल, रुपोस्रोता कहाली और कार्लिटो शामिल थे। टीम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ताए बुनियादी ढांचे के घटकों और अब तक हुए काम की वर्तमान स्थिति को बारीकी से देखा। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर काम को तय समय सीमा के अंदर पूरा करने के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश और तकनीकी सुझाव भी दिए।
स्थानीय स्तर पर बढ़ेगा रोजगार, चमकेगा पर्यटन
निरीक्षण के बाद विशेषज्ञों ने कहा कि यह टॉय विलेज परियोजना सिर्फ निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इस पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को एक नई गति देगी। टॉय विलेज बनने से बुधनी एक बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा। स्थानीय शिल्पकारों और खिलौना निर्माताओं को अपने हुनर का सही दाम और बड़ा बाजार मिल सकेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
एडीबी और मप्र सरकार की बड़ी साझेदारी
उल्लेखनीय है कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के वित्तीय और तकनीकी सहयोग से मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी प्रदेश भर में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम कर रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य शहरी सुविधाओं का विस्तार और समग्र विकास करना है। बुधनी का यह टॉय विलेज इसी कड़ी का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है।
निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी सुबोध जैन, सहायक परियोजना प्रबंधक राहुल समाधिया, सीडीओ गिरीश नायर, डॉ. अमित कुल्हार, कंसलटेंट फर्म के दीपक हतवाले सहित निर्माण एजेंसी के ठेकेदार और कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button