डेयरी से चोरी हुई ‘सवा लाख’ की भैंस बरामद…

सीहोर। कहते हैं कि कानून के हाथ लंबे होते हैं और इस बात को दोराहा पुलिस ने सच कर दिखाया है। पुलिस ने न केवल डेयरी से चोरी हुई सवा लाख रुपये की भैंस को ढूंढ निकाला, बल्कि आरोपी को भी सलाखें के पीछे पहुंचा दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला दोराहा थाना के ग्राम बरखेड़ा देवा का है, जहां रहने वाले विकास दांगी की डेयरी से 16 और 17 अप्रैल की दरमियानी रात एक बेशकीमती भैंस रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई थी। विकास दांगी ने जब अपनी डेयरी में भैंस को नहीं पाया तो उनके होश उड़ गए। चोरी गई भैंस की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तालाब किनारे घर से मिली भैंस
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और एएसपी सुनीता रावत के निर्देशन में थाना प्रभारी राजेश सिन्हा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। पुलिस ने अपनी जांच का जाल बिछाया और मुखबिरों को सक्रिय किया। तलाश के दौरान पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि चोरी हुई भैंस ग्राम खाईखेड़ा में बड़ली वाले तालाब के पास एक घर में बंधी हुई है। पुलिस ने बिना देर किए वहां दबिश दी और धर्मेंद्र दांगी के घर से विकास दांगी की भैंस बरामद कर ली।
खाईखेड़ा का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में अजय कुशवाहा निवासी ग्राम खाईखेड़ा थाना अहमदपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इतनी महंगी भैंस को चोरी कर छिपा दिया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वह बच नहीं सका। पुलिस ने 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत की भैंस जप्त कर उसे कानूनी प्रक्रिया के बाद मालिक के सुपुर्द करने की तैयारी कर ली है।
भैंस को सकुशल बरामद करने और आरोपी को पकडऩे में थाना प्रभारी राजेश सिन्हा, प्रधान आरक्षक अजय प्रताप सिंह, दयाल सिंह लवाना, आरक्षक अभिलाष जाट, रोहन कुशवाहा और संदीप मैहर की सराहनीय भूमिका रही।



