Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

कैबिनेट मंत्री के इछावर में विकास की खुली पोल, आधे घंटे की बारिश में डूबीं सडक़ें, ट्यूब पर बैठे पार्षद

सीहोर। सूबे के कद्दावर नेता और राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के गृह क्षेत्र इछावर की सूरत आधे घंटे की बारिश ने ही बिगाड़ कर रख दी। मंगलवार दोपहर को हुई तेज बारिश के बाद नगर परिषद के जल निकासी के तमाम दावों की पोल खुल गई। मुख्य मार्ग से लेकर रिहायशी इलाकों तक में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे राहगीर और व्यापारी बेहाल नजर आए। इस अव्यवस्था से नाराज वार्ड क्रमांक 15 के कांग्रेस पार्षद जुनेद खान ने बीच सडक़ पर जमा पानी में रबर के ट्यूब पर बैठकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया, जिसने पूरे प्रदेश का ध्यान मंत्री के विधानसभा क्षेत्र की बदहाली की ओर खींच लिया है।
बता दें मंगलवार दोपहर को नगर में महज आधा घंटा झमाझम बारिश हुई। इतने कम समय में ही निकासी व्यवस्था ठप होने के कारण मुख्य मार्ग नदियों में तब्दील हो गए। सडक़ों पर पानी का सैलाब इस कदर बढ़ा कि वह दुकानों और लोगों के घरों के भीतर तक घुस गया। इसके चलते व्यापारियों का सामान खराब हो गया और स्थानीय रहवासियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
रास्ते में रबर ट्यूब लेकर उतरे पार्षद
नगर परिषद की इस लापरवाही के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कांग्रेस पार्षद जुनेद खान उसी मुख्य मार्ग पर रबर की बड़ी ट्यूब लेकर पानी में तैरते नजर आए, जहां से एम्बुलेंस, दफ्तर जाने वाले लोग और स्कूली वाहन गुजरते हैं। ट्यूब पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठाए। पार्षद का कहना था कि जब वीआईपी क्षेत्र होने के बावजूद नगर की मुख्य सडक़ों का यह हाल है तो अंदरूनी वार्डों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
मंत्रीजी के क्षेत्र में जनता पूछ रही सवाल
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि नगर परिषद हर साल नालों की सफाई और ड्रेनेज मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपये के बजट की कागजी खानापूर्ति करती है। लोगों का कहना है कि इछावर क्षेत्र प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का गढ़ है, इसके बावजूद हर साल बारिश में नगर को इसी नरकीय स्थिति से गुजरना पड़ता है। नालों पर हुए अतिक्रमण और समय पर सफाई न होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button