Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीविशेषसीहोर

मुख्यमंत्री जन विश्वास: सीहोर जिला बना अफसरों की पसंद!

सीहोर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों को निर्देश हैं कि वे प्रत्येक शुक्रवार को मैदान में जाएं, जमीनी दौरा करें और अपने-अपने विभागों की योजनाओं सहित कार्यों की समीक्षा करें। इस निर्देश के पालन में अधिकारियों को सीहोर जिला सबसे ज्यादा पसंद आया है। दरअसल राजधानी के करीब होने के कारण सीहोर जिले में पहुंचकर जहां अधिकारी विभागों के कार्यों को देख रहे हैं तो वहीं वे अपनी जिम्मेदारी भी पूरी करते हुए नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को उद्यानिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, आयुक्त सहकारी संस्थाएं मप्र सहित अन्य अधिकारियों ने सीहोर जिले में अलग-अलग भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली देखी। भ्रमण के दौरान उद्यानिकी विभाग के कार्यों एवं नवाचारों को जमकर सराहा गया तो वहीं सीहोर जिला चिकित्सालय में व्यवस्था लचर नजर आई। रेहटी महाविद्यालय में भी कॉलेज प्राचार्य को लेकर जमकर शिकायतें हुईं।
उद्यानिकी आयुक्त ने किया उद्यानिकी योजनाओं एवं नवाचारों का निरीक्षण –
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के आयुक्त सौरभ कुमार सुमन ने जिले में संचालित उद्यानिकी योजनाओं एवं गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत लाभान्वित ग्राम कुलासकला के उद्यमी गजराज वर्मा की कच्घ्ची घानी तेल इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने इकाई में तेल उत्पादन प्रक्रिया, उत्पादों की गुणवत्ता की जानकारी ली। इसके पश्चात ग्राम टिटोरा के कृषक संजय शर्मा के प्रक्षेत्र का भ्रमण कर शेडनेट हाउस में गुलाब एवं पॉलीहाउस में जरबेरा पुष्प की खेती का अवलोकन किया। आयुक्त ने संरक्षित खेती की तकनीक, उत्पादन एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कृषक के प्रयासों की सराहना की। इसी क्रम में कृषक संतोष कुशवाहा के खेत पर फूलगोभी की खेती एवं सब्जी उत्पादन की उन्नत तकनीकों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आधुनिक कृषि तकनीकों से होने वाले आर्थिक लाभों पर भी चर्चा की गई। आयुक्त ने जिले में उद्यानिकी योजनाओं के माध्यम से किसानों एवं उद्यमियों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए उद्यानिकी गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक उद्यान जगदीश सिंह मुझाल्घ्दा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य आयुक्त ने किया जिला चिकित्सालय का निरीक्षण-
स्वास्थ्य आयुक्त धनराज एस. ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य आयुक्त ने अस्पताल में संचालित एचएमआईएस पोर्टल, ऑनलाइन पंजीयन, मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड एवं डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन दिए। स्वास्थ्य आयुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की। साथ ही डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, तकनीकी नवाचार एवं अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की। मरीजों की बढ़ती संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता को देखते हुए चिकित्सालय के विस्तार की जरूरत भी बताई गई। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया, सिविल सर्जन डॉ. उमेश कुमार श्रीवास्तव सहित जिला चिकित्सालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रेहटी महाविद्यालय में हुई प्राचार्य की शिकायतें-

उच्च शिक्षा विभाग के कमिश्नर एवं आईएएस अधिकारी प्रबल सिपाहा सीहोर जिले के शासकीय महाविद्यालय रेहटी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कॉलेज का निरीक्षण किया, वहां की व्यवस्थाएं देखीं तो प्राचार्य सहित समस्त स्टॉफ से भी चर्चा की। आयुक्त प्रबल सिपाहा ने सभी कक्षाओं में भी पहुंचकर वहां अध्यापन कार्य करा रहे अतिथि विद्वानों, प्रोफेसरों से भी चर्चा की। इस दौरान सभी ने प्राचार्य मनोज राठौर को लेकर शिकायतें की हैं। प्रोफेसर, अतिथि विद्वान, छात्र-छात्राओं ने उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा को बताया है कि कॉलेज में प्राचार्य मनमानी पर उतारू हैं। उन्होंने यहां की सभी व्यवस्थाएं तितर-बितर कर दी है। आए दिन अतिथि विद्वानों सहित स्टॉफ को किसी भी बात पर नोटिस थमा दिया जाता है। यहां पर पढ़ाई का माहौल ही खत्म हो गया है। स्थिति यह थी कि जब आयुक्त ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं सफाई कर्मियों से पूछा तो उन्होंने भी प्राचार्य मनोज राठौर को लेकर शिकायतें की। इस पर आयुक्त श्री सिपाहा ने प्राचार्य को समझाईश दी है एवं कॉलेज के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष व बुधनी एसडीएम संजीव कुमार नागू को जांच के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त सहकारी संस्थाएं म.प्र ने किया रेहटी औषधि प्रसंस्करण केंद्र का निरीक्षण-
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को दीपक सिंह आयुक्त सहकारी संस्थाएं म.प्र. एवं केके द्विवेदी संयुक्त आयुक्त भोपाल संभाग ने औषधि प्रसंस्करण केंद्र रेहटी का भ्रमण किया औषधि प्रसंस्करण केंद्र रेहटी के प्रबंधक सुरेश यादव ने केंद्र में औषधि रॉ मटेरियल भंडार, पिसाई, कच्ची घानी तेल निर्माण, भट्टी शेड, डिस्ट्रीलेशन प्लांट, बर्तन भंडार, पैकेजिंग स्टोर, औषधि निर्माण कक्ष एवं निर्मित औषधि कक्ष आदि का निरीक्षण कराया। इस दौरान आयुक्त सहकारी संस्थाएं म.प्र. दीपक सिंह ने औषधि प्रसंस्करण केंद्र की तारीफ की। उन्होंने कहा कि वन उत्पादों का सहकारिता के माध्यम से संग्रहण, प्रसंस्करण कर औषधि निर्माण एवं विन्ध्यामृत ब्रांड के उत्पादों का विक्रय का कार्य विगत 25 वर्षों से निरंतर करने का कार्य प्रशंसनीय एवं अनुकरणीय है। समिति के सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य एवं प्रयासों की प्रशंसा करता हूं। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से पं. प्रेमनारायण शर्मा के मार्गदर्शन सहभागिता को भी सराहा। निरीक्षण के समय विनोद जैन सहकारी निरीक्षक, रघुवीर मालवीय प्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा रेहटी, धर्मेन्द्र पारासर प्रबंधक सेवा सहकारी समिति मोगरा सहित अन्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button