आष्टा में हुआ मुख्यमंत्री का रोड शो, जिलाध्यक्ष-विधायक के नेतृत्व में श्री अरोरा ने भी की सहभागिता

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के घर पहुंचे वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, किया स्वागत

सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास लोकसभा सीट के तहत आने वाली आष्टा विधानसभा के आष्टा नगर में रोड शो किया। इसमें जिलाध्यक्ष रवि मालवीय एवं आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर के नेतृत्व में सीहोर के कद्दावर नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने भी शिरकत की। इससे पहले श्री अरोरा ने आष्टा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का स्वागत किया। इसके बाद आयोजित हुए रोड शो में वे जनता का अभिवादन करते हुए एवं कार्यकर्ताओं की हौसलाअफजाई करते हुए रथ के आगे-आगे

चलते रहे। रास्तेभर जहां मुख्यमंत्री के रथ पर फूलों की बारिश हो रही थी तो वहीं भाजपा नेता श्री अरोरा के साथ भी कार्यकर्ता, समर्थक फोटो खिंचाते रहे। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ मंच भी साझा किया। रोड शो से पहले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के निवास पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी भी पहुंचे। इस दौरान श्री अरोरा ने उनका गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान वे कुछ समय श्री अरोरा के निवास पर रूके। श्री पचौरी आष्टा में मुख्यमंत्री के रोड शो में शामिल होने के लिए सड़क मार्ग से भोपाल से आष्टा जा रहे थे, इसी दौरान वे श्री अरोरा के निवास भी पहुंचे। इसके बाद वे आष्टा के लिए रवाना हुए। आष्टा में श्री अरोरा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर के साथ भाजपा के चुनाव कार्यालय में यहां के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ चुनाव को लेकर चर्चा की एवं आगामी रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में देवास संसदीय सीट पर चुनाव है। इस दौरान सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा में मतदान होना है। इसको लेकर भाजपा यहां पर चुनाव प्रचार में जुटी हुई है। आष्टा विधानसभा सीट पर भी भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी।