सीहोर भाजपा की वर्चुअल बैठक में नजर आए कांग्रेस पार्षद, वायरल हुई तस्वीर

- नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर की आईडी पर दिखे आशीष गहलोत, बताई ये वजह

सीहोर। सोशल मीडिया के दौर में नजर हटी, दुर्घटना घटी जैसी स्थिति हमेशा रहती है। ऐसा ही कुछ सीहोर जिला भाजपा की एक वर्चुअल बैठक में भी घटित हुआ। दरअसल भाजपा के जिला प्रभारी विकास विरानी सीहोर जिले में पिछले दिनों भाजपा पदाधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक ले रहे थे। इस बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी धारा सिंह पटेल सहित अन्य पदाधिकारी जुड़े हुए थे। बैठक के दौरान का एक स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर की आईडी पर सीहोर के वार्ड नंबर 28 से कांग्रेस पार्षद आशीष गहलोत नजर आ रहे हैं। फोटो वायरल होने पर भाजपा सहित कांग्रेस के अंदरखानों में भी दल-बदल की फुसफुसाहट शुरू हो गई। हालांकि बाद में स्थिति साफ हुई। इसको लेकर जब नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि पिछले दिनों वर्चुअल बैठक चल रही थी। वे भी बैठक में शामिल रहे और इसी दौरान उन्हें बढ़ियाखेड़ी स्थित एक धार्मिक आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि भी शामिल होना था तो वे बैठक के दौरान ही वहां भी पहुंचे। इस दौरान वहां कई अन्य पार्षदों के साथ ही कांग्रेस पार्षद आशीष गहलोत भी मौजूद थे। इसी दौरान किसी ने फोटो खींचा और वायरल कर दिया। हालांकि कुछ देर बार वर्चुअल बैठक समाप्त हो गई। इस मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती का कहना है कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। मामला भाजपा की बैठक का है तो इसको भाजपा नेता ज्यादा बेहतर तरीके से बता पाएंगे। इस संबंध में जब कांग्रेस पार्षद आशीष गहलोत से चर्चा करनी चाही तो उनका मोबाइल लगातार नाट रिचेबल बताता रहा।

Exit mobile version