गेहूं उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर भडक़े कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल
बोले, अन्नदाता को परेशान और अपमानित करना बंद करे प्रशासन

सीहोर। बुधनी विधानसभा क्षेत्र के गेहूं उपार्जन केंद्रों और वेयरहाउसों पर किसानों को आ रही गंभीर समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मैदानी मोर्चा खोल दिया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल (हनुमानजी) ने क्षेत्र के विभिन्न वेयरहाउसों का सघन दौरा कर वहां की जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे परेशान किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना।
दौरे के दौरान किसानों ने कांग्रेस नेता के सामने व्यवस्थाओं को लेकर अपनी गहरी नाराजगी और पीड़ा व्यक्त की। किसानों ने बताया कि केंद्रों पर गेहूं की तुलाई में अत्यधिक देरी की जा रही है। बार-बार बिना किसी ठोस कारण के तुलाई का काम रोक दिया जाता है, जिससे उन्हें चिलचिलाती धूप में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इसके साथ ही स्लॉट बुकिंग संबंधी अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण किसानों को भारी आर्थिक और मानसिक परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।

अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र समाधान की मांग
किसानों का दर्द सुनने के बाद विक्रम मस्ताल ने मौके से ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और उपार्जन केंद्र प्रभारियों से चर्चा की। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से मांग की कि स्लॉट और तुलाई के ढर्रे को तुरंत सुधारा जाए, ताकि किसानों को अपनी ही उपज बेचने के लिए कडक़ड़ाती धूप में परेशान न होना पड़े।
देश-प्रदेश का पेट भरता हैं अन्नदाता
कांग्रेस ने विक्रम मस्ताल ने कहा कि अन्नदाता किसान दिन-रात खून-पसीना बहाकर देश और प्रदेश का पेट भरता है। लेकिन आज बेहद दुख की बात है कि उसी किसान को अपनी फसल बेचने के लिए केंद्रों पर परेशान और अपमानित होना पड़ रहा है। प्रशासन तुरंत सजग हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित करे ताकि समय पर तुलाई हो सके। उन्होंने हका कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के अधिकारों और उनके सम्मान की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी उनकी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
इस दौरान कई कांग्रेसी नेता रहे मौजूद
किसानों की इस लड़ाई में विक्रम मस्ताल के साथ जिला युवा कांग्रेस के सह प्रभारी ब्रजपाल राजावत, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, वरिष्ठ नेता किशोर सोलंकी, बुधनी विधानसभा अध्यक्ष कपिल चौहान, सोनू मुकाती और बसंत मालवीय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रीय ग्रामीणजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।



