
सीहोर। सीहोर-श्यामपुर मार्ग की बदहाली और गड्ढों से हो रहे हादसों के विरोध में रविवार को शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पूरी तरह जर्जर हो चुकी इस सडक़ को ‘मृत’ घोषित करते हुए उसे श्रद्धांजलि अर्पित की। रविवार शाम मौके पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सडक़ पर फूल-माला चढ़ाई, पुष्प अर्पित किए और अगरबत्ती जलाकर दो मिनट का मौन रखा।
प्रदर्शन के दौरान पंकज शर्मा ने कहा कि जब सीहोर-श्यामपुर सडक़ का निर्माण किया गया था, तब इसकी एफडीआर तकनीक को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन यह सडक़ बनने के एक महीने बाद ही उखडऩे लगी थी। अब यह पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सडक़ की यह हालत कोई स्वाभाविक मृत्यु नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश सडक़ विकास निगम के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा भ्रष्टाचार और लालच में की गई साजिशन हत्या है। उन्होंने ईश्वर से सडक़ की आत्मा की शांति और इसके दोषियों को सख्त सजा देने की प्रार्थना की।
गड्ढों की वजह से जा रही निर्दोषों की जान
पंकज शर्मा ने बताया कि अधिकारियों के भ्रष्टाचार की कीमत आम जनता अपनी जान देकर चुका रही है। उन्होंने चार दिन पहले हुई दुर्घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सडक़ के एक विशाल गड्ढे में बाइक का पहिया जाने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। इसके अलावा कई लोग अपाहिज होकर दूसरों के सहारे जीने को मजबूर हैं और कई परिवार उजड़ चुके हैं।
चांद पर भी नहीं होंगे इतने गड्ढे
सडक़ की दयनीय स्थिति पर तंज कसते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सीहोर-श्यामपुर सडक़ पर इतने गड्ढे हैं कि उतने तो शायद चांद पर भी नहीं होंगे। इन गड्ढों में गिरकर लोग बिना किसी खर्च और अंतरिक्ष यान के सीधे चांद ‘स्वर्ग’ पहुंच रहे हैं, जहां से वापसी का कोई रास्ता नहीं है।
कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सडक़ निर्माण में भ्रष्टाचार करने वाले दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी अपने आंदोलन को और तेज करेगी। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन में पूर्व पार्षद सतीश दरोठिया, कांग्रेस नेता आसिफ अंसारी, राजेश रैकवाल, विवेक टांक और आर्यन भैरवे सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।