
सीहोर। जिस उम्र में बुजुर्गों को आराम और सम्मान की जरूरत होती है, उस 84 वर्ष की आयु में एक सेवानिवृत्त वन कर्मचारी को अपने हक और न्याय के लिए सडक़ पर उतरकर आमरण अनशन करना पड़ा। हालांकि मामला गर्माते ही विधायक सुदेश राय ने मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग की पीड़ा सुनी और जल्द समाधान का ठोस आश्वासन देकर जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया।
बता दें केएल बैरागी अपनी लंबित मांगों को लेकर टाउन हॉल के पास आमरण अनशन पर बैठ गए थे। उनका आरोप था कि हाईकोर्ट से उनके पक्ष में आदेश आने के बावजूद वन विभाग द्वारा क्रमोन्नति का लाभ नहीं दिया जा रहा है और गलत वेतन निर्धारण के चलते उन्हें कम पेंशन मिल रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर हठधर्मिता और अदालत के आदेश की अवहेलना करने का आरोप लगाया था। 84 वर्ष की उम्र में न्याय के लिए सडक़ पर बैठना पड़ेए इसे उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया था।
विधायक सुदेश राय ने पहुंचकर समझा मामला
अनशन की खबर मिलते ही सीहोर विधायक सुदेश राय तुरंत धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने श्री बैरागी और अन्य पेंशनरों से विस्तार से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने क्रमोन्नति, वेतन निर्धारण और पेंशन से जुड़े सभी मुद्दों का जल्द समाधान कराने का ठोस आश्वासन दिया। विधायक के भरोसे के बाद श्री बैरागी ने जूस पीकर अपना आमरण अनशन स्थगित कर दिया। इस दौरान उन्होंने अन्य पेंशनर्स की समस्याओं को भी विधायक के सामने रखा।
बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने दिया समर्थन
इस विरोध प्रदर्शन और अनशन के दौरान कन्हैयालाल बैरागी, डॉ. साधुराम शर्मा, पं. राममूर्ति शर्मा, चन्दरसिंह ठाकुर, दिनेश तिवारी, नर्मदा प्रसाद खरे, डीएस शाक्य, विनोद उपाध्याय, महेश शर्मा, राजेन्द्र राठौर, अशोक दुबे, महेश आर्य सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनर्स मौजूद रहे।