बदहाली का शिकार हुए शहर के नेहरू पार्क, उजाड़ पड़े परिसर में कांग्रेस ने मनाई जयंती

सीहोर। देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर शनिवार को शहर में राजनीतिक और प्रशासनिक उदासीनता का दृश्य देखने को मिला। जिला मुख्यालय स्थित न्यू बस स्टैंड के उजाड़ और बदहाल पड़े नेहरू पार्क में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
बता दें जिला मुख्यालय पर पूर्व में पंडित नेहरू के नाम पर दो प्रमुख पार्क स्थापित किए गए थे पहला गंगा आश्रम क्षेत्र में और दूसरा न्यू बस स्टैंड परिसर के पास। समय के साथ उचित रखरखाव और संरक्षण के अभाव में गंगा आश्रम स्थित नेहरू पार्क का अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो चुका है। वहीं न्यू बस स्टैंड स्थित नेहरू पार्क भी वर्तमान में बेहद उजाड़ और उपेक्षित अवस्था में पड़ा है। बता दें प्रदेश में वर्ष 2003 से (बीच के डेढ़ साल) के कांग्रेस शासन को छोडक़र लगातार भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के बावजूद इन सार्वजनिक पार्कों को सहेजा नहीं जा सका।
प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लिया संकल्प
शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा न्यू बस स्टैंड स्थित इसी पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव ने किया, जबकि जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री विवेक राठौर विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पंडित नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्वए कृतित्व और देश के प्रति समर्पण को याद किया।
आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान पर प्रकाश
इस अवसर पर संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम यादव और संगठन महामंत्री विवेक राठौर ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्र भारत को एक मजबूतए लोकतांत्रिक और आधुनिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने देश में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, औद्योगिक विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं की नींव मजबूत की। वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सर्वांगीण विकास के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इनकी रही उपस्थिति
श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से विष्णु प्रसाद राठौर, प्रीतम दयाल चौरसिया, सीताराम भारती, राजाराम बड़े भाई, रमेश गुप्ता, सुनील दुबे, डॉ. अनीस खान, ओम बाबा राठौर, राजेश भूरा यादव, राम प्रकाश चौधरी, मनोज परमार, मटरू भाई, नरेन्द्र खंगराले, आरती खंगराले, नन्द किशोर मालवीय, केके रिछारिया, भगत सिंह तोमर, कमलेश चाण्डक, पंकज शर्मा, संतोष मालवीय, अरूण मालवीय, जीवन सिंह मालवीय और ओम सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



