कृषि उपज मंडी में अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी

सीहोर। जिला मुख्यालय स्थित कृषि उपज मंडी में व्याप्त विभिन्न अव्यवस्थाओं और समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने मंडी सचिव नरेंद्र माहेश्वरी से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मंडी प्रांगण में किसानों, व्यापारियों और आम जनता को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए जल्द से जल्द समाधान की मांग की गई।
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर मंडी में इस समय कई मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। मंडी प्रांगण में बेसहारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। मंडी में तैनात सुरक्षा गार्ड अपनी जिम्मेदारियों के प्रति बेपरवाह बने हुए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
इसके अलावा प्रांगण में साफ सफाई का अभाव है और पीने के पानी के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। मंडी आने वाले किसानों और व्यापारियों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है, वहीं जगह-जगह फैली गंदगी से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
पंकज शर्मा ने मंडी सचिव से इन सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी किसानों, व्यापारियों और आम जनता के हितों से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि मंडी प्रशासन ने जल्द ही इन अव्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं कियाए तो कांग्रेसजन किसानों और व्यापारियों के समर्थन में उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी मंडी प्रशासन की होगी।



