Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस मुखर, कुबेरेश्वर धाम पर स्थायी पुलिस चौकी और कांवड़ मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की उठी मांग

ऑटो का किराया तय करने और चालकों के पुलिस सत्यापन की भी जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने की मांग

सीहोर। सावन माह में कुबेरेश्वर धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर राजनीतिक हलचलों के साथ मांगों का दौर भी शुरू हो गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने जिला एवं पुलिस प्रशासन को पत्र भेजकर कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने और कुबेरेश्वर धाम में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की पुरजोर मांग की है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि शिवभक्त 24 घंटे लगातार पैदल यात्रा कर कुबेरेश्वर धाम पहुंचते हैं। दिन-रात हजारों श्रद्धालुओं का इस मार्ग से आना-जाना लगा रहता है, लेकिन मार्ग के कई हिस्सों में स्ट्रीट लाइट न होने से रात में गहरा अंधेरा छाया रहता है। इससे कांवडिय़ों के साथ किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने मांग की है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कांवड़ मार्ग पर तत्काल पर्याप्त रोशनी का प्रबंध किया जाए।
कुबेरेश्वर धाम में बने स्थायी पुलिस चौकी
उन्होंने कहा कि कुबेरेश्वर धाम में न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोजाना पहुंचते हैं। ऐसे में वहां कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
ऑटो चालकों की मनमानी पर लगे रोक
राजीव गुजराती ने एक और गंभीर मुद्दा उठाते हुए बताया कि भोपाल और सीहोर रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं से ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें आ रही हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऑटो चालकों के लिए किराया सूची तय कर सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित की जाए। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी ऑटो चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य किया जाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि सावन के पवित्र महीने और श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही भारी भीड़ को देखते हुए इन सभी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल लागू किया जाए, ताकि भक्तों को सुगम और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button