Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

कांग्रेस का अनोखा तंज, राहगीरों को बांटी टॉफी, बोले- मेलोडी खाओ और महंगाई भूल जाओ

पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के बढ़ते दामों और बिजली संकट के खिलाफ कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन

सीहोर। देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, आसमान छूते पेट्रोल-डीजल के दामों और चरमराती बिजली-पानी की व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने मुख्यालय पर अनोखा और चुटीला प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड और पटेल पेट्रोल पंप के पास से गुजरने वाले राहगीरोंए आम जनता और किसानों को मेलोडी चॉकलेट बांटी। कांग्रेस का यह अनोखा प्रदर्शन पूरे शहर में कौतूहल और चर्चा का विषय बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज आम जनता महंगाई से त्रस्त है, लेकिन सरकार को इसकी कोई फिक्र नहीं है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी विदेश यात्रा के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट की थी, जिसे लेकर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं।
गुजराती ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार अब देश की जनता से भी यही उम्मीद कर रही है कि लोग मेलोडी खाएं और देश की असल समस्याओं व कमरतोड़ महंगाई को भूल जाएं। लेकिन कांग्रेस जनता को सोने नहीं देगी और उनके हक की आवाज उठाती रहेगी।
हफ्ते भर में 5 बार बढ़े पेट्रोल के दाम
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आम जनता और किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी की जेब पर सरेआम डाका डालते हुए पिछले महज एक सप्ताह के भीतर पांच बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जिससे परिवहन और रोजमर्रा की चीजें महंगी हो गई हैं। इसके अलावा रसोई गैस के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। सोना-चांदी के दाम भी अब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुके हैं।
किसान बेहाल, गांवों में अंधेरा
कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि आज भीषण गर्मी के इस दौर में गांवों में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे ग्रामीण और किसान बेहाल हैं। किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम एमएसपी नहीं मिल रहा है। सीहोर जिले के भाजपा नेताओं को जनता की इन बुनियादी तकलीफों से कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। वे समस्याओं का समाधान करने के बजाय सिर्फ उत्सव मनाने और हेडलाइंस बटोरने में व्यस्त हैं।
इस अनूठे प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और लोगों को टॉफी खिलाकर बढ़ती महंगाई के प्रति जागरूक किया। प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव, प्रवक्ता केके रिछारिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button