दाल में पानी ज्यादा डलने पर विवाद, युवक की पीठ पर फेंकी गर्म दाल, मां-बहन से भी धक्का.मुक्की

सीहोर। रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम बोरी डोंगरी में दाल-बाटी बनाने के दौरान दाल में पानी ज्यादा डल जाने जैसी मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अपने ही साथी की पीठ पर गर्म दाल फेंक दी। इतना ही नहीं आरोपी ने पीडि़त के घर पहुंचकर उसकी मां और बहन के साथ भी धक्का.मुक्की की। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीडि़त ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोरी डोंगरी निवासी फरियादी अजय यादव पिता दिनेश यादव ने रेहटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 22 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथियों उमेश यादव, राजेंद्र यादव और विष्णु आदिवासी के साथ खेत पर दाल-बाटी बना रहा था। इसी दौरान राजेंद्र यादव ने अजय से कहा कि उसने दाल में पानी ज्यादा डाल दिया है और दाल खाने लायक नहीं बची है। इस पर अजय ने जवाब दिया कि उसने चार लोगों के हिसाब से दाल बनाई है।
थप्पड़ मारने के बाद पीठ पर फेंकी गर्म दाल
आरोप है कि इतनी सी बात पर राजेंद्र यादव भडक़ गया और अजय को गंदी-गंदी गालियां देने लगा। जब अजय ने गाली देने से मना किया तो राजेंद्र ने उसे थप्पड़ मार दिया और गर्म दाल उसकी पीठ पर फेंक दी। गर्म दाल गिरने से अजय की पीठ जल गई। मौके पर मौजूद उमेश यादव और विष्णु आदिवासी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घर पहुंचकर मां और बहन को दिया धक्का
घटना के बाद अजय अपने घर पहुंचा और पूरी बात अपने पिता दिनेश यादव को बताई। आरोप है कि इसी बीच राजेंद्र यादव अजय के घर के सामने आ पहुंचा और वहां उसकी बहन कविता यादव व मां के साथ भी गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की, जिससे दोनों को मामूली चोटें आई हैं। जाते-जाते आरोपी राजेंद्र ने धमकी दी कि आज तो बच गयाए लेकिन आगे से गलती की तो जान से खत्म कर दूंगा। गर्म दाल से झुलसने के बाद अजय के पिता दिनेश यादव उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल रेहटी लेकर गए। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अजय ने रेहटी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version