
सीहोर। देश में समान शिक्षा व्यवस्था के विचार को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही समान शिक्षा जन यात्रा के बुधनी पहुंचने पर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। यात्रा का नगर में जगह-जगह स्वागत किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और जागरूक नागरिकों ने शामिल होकर अपना समर्थन दिया। दशहरा मैदान से शुरू हुई यह जन यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करती हुई पुन: दशहरा मैदान पहुंची, जहां एक खुले जनसंवाद का आयोजन किया गया।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत की गई आशा और उज्ज्वल की कहानी ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को गंभीरता से सोचने पर मजबूर कर दिया। इस कहानी के माध्यम से समाज में बच्चों को मिलने वाली शैक्षणिक सुविधाओं और अवसरों की असमानता को बेहद मार्मिक ढंग से सामने रखा गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विद्यार्थियों ने कहा कि ‘आशा’ जैसे हर बच्चे को भी वे सभी सुविधाएं और ‘उज्ज्वल’ जैसे आगे बढऩे के समान अवसर मिलने चाहिए, ताकि किसी भी बच्चे की प्रतिभा संसाधनों की कमी से दबकर न रह जाए।
देश के विकास के लिए हर लडक़े और लडक़ी का पढऩा जरूरी
संवाद के दौरान छात्राओं ने अपनी बात रखते हुए कहा कि देश की वास्तविक तरक्की तभी संभव है जब प्रत्येक लडक़ा और लडक़ी शिक्षित होकर अपनी क्षमताओं का विकास करे। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि देश के करोड़ों बच्चों को समान शिक्षा और अवसर नहीं मिलेंगे तो देश विकसित कैसे बनेगा, वहीं कार्यक्रम में शामिल शिक्षकों ने भी समान शिक्षा की वकालत करते हुए कहा कि बच्चे देश की धरोहर हैं और विशेष रूप से मध्यम व गरीब वर्ग के बच्चों के भविष्य के लिए समान शिक्षा प्रणाली बेहद आवश्यक है।
पढ़ाई की गुणवत्ता पर उठे सवाल
जनसंवाद में युवाओं ने सरकारी स्कूलों में खेल मैदान, पुस्तकालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर चिंता जाहिर की। युवाओं का कहना था कि कई स्कूलों में पढ़ाई केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक ही सीमित रह जाती है, जबकि सबसे जरूरी यह देखना है कि बच्चे वास्तव में कितना सीख पा रहे हैं। लोगों ने सरकारी और निजी स्कूलों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता व सुविधाओं की बढ़ती खाई को पाटने की जरूरत पर जोर दिया।
सरकारी स्कूल केवल सरकार के नहीं, समाज के भी हैं
जनसंवाद में नागरिकों और विद्यार्थियों के विचार सुनने के बाद राष्ट्रीय समान शिक्षा जन समिति के संयोजक एवं पूर्व आईएएस अधिकारी समान शेखर बी. चंद्रशेखर ने कहा कि सरकारी स्कूल हमारे अपने स्कूल हैं। ये केवल सरकार के भरोसे नहीं हैं, बल्कि पूरे समाज की धरोहर हैं। इन्हें बेहतर बनाने की जिम्मेदारी सरकार के साथ-साथ समाज और समुदाय की भी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे शाला प्रबंधन समिति में अपनी भूमिका को समझें और स्कूलों के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
पदयात्रियों ने किया संवाद, नगर में हुआ भव्य स्वागत
इस अवसर पर प्रमुख पदयात्री डॉ. प्रशांत तांबे, डॉ. अनिल सौहाद्र्र और पुष्पा पाटिल ने भी उपस्थित लोगों से सीधा संवाद कर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और समाज की भूमिका पर उनके विचार जाने। इससे पूर्व बुधनी नगर आगमन पर हेमंत वर्मा, मुकेश यादव, विनय यादव, तबरेज गांधी और तमजीर खान ने यात्रा का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक बदलाव की एक महत्वपूर्ण पहल बताया।