पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 9 दिसंबर से, 7500 पदों के लिए 7.5 लाख आवेदन, पीएचडी-इंजीनियर भी दौड़ में

सीहोर। मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने आरक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 की नई तारीख तय कर दी है। यह परीक्षा अब 9 दिसंबर से शुरू होगी। जल्द ही मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार यह परीक्षा पहले 19 नवंबर से होनी थी, लेकिन पुलिस विभाग की एक अन्य परीक्षा के आयोजन और अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए इसकी तारीख आगे बढ़ाई गई थी।
7500 पदों पर भर्ती, हर सीट पर औसतन 100 दावेदार
इस भर्ती अभियान के तहत पुलिस विभाग में कुल 7500 आरक्षकों की भर्ती की जाएगी। इनमें 6800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी (विशेष सशस्त्र बल को छोडक़र) और 700 पद विशेष सशस्त्र बल के हैं। इन पदों के लिए प्रदेशभर से करीब 7.5 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। ऐसे में हर एक पद के लिए औसतन 100 उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
पीएचडी और इंजीनियरिंग डिग्रीधारी भी मैदान में
भर्ती के लिए तय न्यूनतम योग्यता के बावजूद बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवाओं ने भी आवेदन किया है। इनमें पीएचडी, बीई-बीटेक इंजीनियरिंग, स्नातकोत्तर और स्नातक डिग्रीधारी शामिल हैं। इनके अलावा डिप्लोमा, आईटीआई के साथ-साथ हायर सेकेंडरी, हाईस्कूल और आठवीं पास युवाओं ने भी किस्मत आजमाई है।
गृह जिले में तैनाती नहीं, 5 साल सेवा अनिवार्य
नियमों के तहत चयनित आरक्षकों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं मिलेगी। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट चुनने का विकल्प दिया गया था। नियुक्ति के बाद संबंधित यूनिट में कम से कम 5 साल सेवा देना अनिवार्य रहेगाए जिसके बाद ही तबादला हो सकेगा। इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों की तैनाती भोपाल, इंदौर और जबलपुर स्थित शासकीय रेल पुलिस में भी की जाएगी।
बायोमेट्रिक सत्यापन और नॉर्मलाइजेशन लागू होगा
परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों का बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। चूंकि परीक्षा कई शिफ्टों में होगी, इसलिए अलग-अलग शिफ्टों के प्रश्नपत्रों के स्तर में अंतर को बराबर करने के लिए अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा।
कैसे काम करता है नॉर्मलाइजेशन
जब परीक्षा की अलग-अलग शिफ्टों के पेपर का स्तर एक जैसा नहीं होता तो अंकों में संतुलन लाने के लिए नॉर्मलाइजेशन अपनाया जाता है। मान लीजिए पहली शिफ्ट का पेपर कठिन आया और उम्मीदवारों के अंक कम रहे, जबकि दूसरी शिफ्ट का पेपर आसान रहा और अंक ज्यादा आए, तो दोनों शिफ्टों के स्तर के हिसाब से अंकों में समायोजन किया जाता है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान न हो। कर्मचारी चयन मंडल ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पत्र और अन्य अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।

Exit mobile version