गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व पर उत्साह का माहौल , गूंज रहे वाहे गुरू के जयकारे

गुरुद्वारे पहुंचे भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा, मत्था टेक कर जिले की खुशहाली की कामना की

सीहोर। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक श्री गुरु नानक देवजी का प्रकाश पर्व मंगलवार को जिले भर में पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित गंगा आश्रम रोड गुरुद्वारा साहिब में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। प्रकाश पर्व पर भाजपा के वरिष्ठ नेता जसपाल सिंह अरोरा एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमिता अरोरा ने गुरुद्वारे पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और जिलेवासियों की सुख.समृद्धि की कामना की।
गुरुद्वारा साहिब पहुंचे भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा और अमिता अरोरा ने संगत के बीच बैठकर शबद-कीर्तन का श्रवण किया और गुरुवाणी का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में चल रहे सेवा कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपनी सेवाएं दीं।
प्रेम, सद्भाव और भाईचारे से परिपूर्ण समाज निर्माण का आह्वान
प्रकाश पर्व के अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा ने समस्त जिलेवासियों को गुरु नानक जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देवजी ने संपूर्ण मानवता को सत्य, करुणा, समानता और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया है। अरोरा ने कहा कि आज के समय में हमें गुरु नानक देवजी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे से परिपूर्ण एक आदर्श समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
आकर्षक रोशनी से जगमगाया गुरुद्वारा
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गंगा आश्रम रोड स्थित मुख्य गुरुद्वारे सहित जिले के अन्य प्रमुख गुरुद्वारों को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। पर्व की शुरुआत सोमवार देर रात से ही हो गई थी, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रात्रि कालीन गुरुवाणी और विशेष कीर्तन दरबार में शामिल होकर गुरु चरणों में अपनी हाजिरी लगाई। मंगलवार सुबह से ही गुरुद्वारों में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला अनवरत जारी रहा। सर्वसमाज के लोगों ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और लंगर में प्रसादी ग्रहण की।

Exit mobile version