
सीहोर। संत रविदास जयंती के अवसर पर भाजपा एवं प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशभर सहित सीहोर जिले में विकास यात्राएं शुरू की गई हैं। इन विकास यात्राओं में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित उनका पूरा मंत्रिमंडल, प्रदेश भाजपा संगठन सहित स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। इन विकास यात्राओं में भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों को बताया जा रहा है तो वहीं कई विकास कार्यों का शिलान्यास एवं होने वाले कार्यों का भूमिपूजन भी किया जा रहा है। इस दौरान कई लोगों की समस्याओं का निराकरण भी तत्काल करवाया जा रहा है। विकास यात्रा में सत्ता-संगठन से जुड़े लोगों सहित स्थानीय विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तो पहुंच रहे हैं, लेकिन क्षेत्रीय सांसदों ने अब तक विकास यात्रा में आना मुनासिब नहीं समझा।
सीहोर जिले की चार विधानसभा में हैं तीन सांसद-
सीहोर जिले में चार विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें बुदनी, इछावर में सांसद रमाकांत भार्गव हैं तो वहीं सीहोर विधानसभा भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के संसदीय क्षेत्र में आती है। आष्टा विधानसभा देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के संसदीय क्षेत्र में आती है। बुदनी, इछावर में तो विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव ने उपस्थिति दर्ज कराई। वे लगातार कई विकास यात्राओं में शामिल हुए, लेकिन आष्टा एवं सीहोर विधानसभा में चल रही विकास यात्रा में यहां के सांसद अब तक नहीं पहुंचे हैं। जबकि विकास यात्रा लगातार जारी है एवं जल्द ही सभी मंडलों में पूरी भी हो जाएगी।
करोड़ों के हो गए शिलान्यास एवं भूमिपूजन-
विकास यात्रा के दौरान सीहोर विधानसभा सहित बुदनी, आष्टा और इछावर विधानसभा में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया है तो वहीं कई नवीन कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया है। इस दौरान कई लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों का भी तत्काल निराकरण किया गया है। विकास यात्रा के दौरान कई ऐसे कार्य भी हैं, जो सांसद निधि से होने हैं, लेकिन इन कार्यों को लेकर क्या स्थिति है यह अब तक सामने भी नहीं आया है। ऐसे में सांसदों की अनुपस्थिति भी लोगों के बीच चर्चाओं में बनी हुई है।