Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

डोहर समाज ने दी सामूहिक धर्म परिवर्तन की चेतावनी

सीहोर। शहर के वार्ड नंबर 14 स्थित डोहर मोहल्ले में उस समय हडक़ंप मच गया, जब अपनी कुलदेवी के मंदिर का रास्ता रोके जाने से नाराज सैकड़ों लोगों ने कोतवाली थाने का घेराव कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि डोहर समाज ने दो टूक शब्दों में सामूहिक धर्म परिवर्तन करने और बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की चेतावनी दे डाली। मामला बए़ता देख पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और रात में ही रास्ते से निर्माण सामग्री हटवाकर मार्ग बहाल कराया।
जानकारी के अनुसार विवाद की मुख्य जड़ मंदिर के प्रवेश द्वार पर डाली गई निर्माण सामग्री बनी। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में शादियों का सीजन चल रहा है, जिसमें माता पूजन की अनिवार्य परंपरा होती है। आरोप है कि कुछ रसूखदार लोगों ने जानबूझकर मंदिर के मुख्य मार्ग पर गिट्टी और निर्माण सामग्री डालकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। जब श्रद्धालु वहां पहुंचे तो उन्हें मंदिर जाने से रोका गया और पूजा में व्यवधान डाला गया। इसी बात से आक्रोशित होकर समाज के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में थाने पहुंचे।
बौद्ध धर्म अपनाने की कही बात
थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए डोहर समाज के लोगों ने प्रशासन को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि उनके मंदिर के रास्ते को स्थाई रूप से अतिक्रमण मुक्त नहीं किया गया और उन्हें प्रताडि़त करना बंद नहीं हुआ तो पूरा समाज हिंदू धर्म त्याग कर बौद्ध धर्म अपना लेगा। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि उस स्थान पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
पुलिस ने तुरंत हटवाई निर्माण सामग्री
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीएसपी अभिनंदना शर्मा तुरंत सक्रिय हुईं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच में पाया गया कि ऋतिक और राकेश राठौर नामक व्यक्तियों द्वारा अपने मकान निर्माण के लिए सडक़ पर गिट्टी डलवाई गई थी, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था। पुलिस ने रात में ही जेसीबी और मजदूरों की मदद से गिट्टी हटवाकर रास्ता साफ कराया। सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। फिलहाल मौके से अवरोध हटा दिया गया है और रास्ता साफ है। विवाद को स्थाई रूप से सुलझाने के लिए राजस्व विभाग की मदद से सीमांकन कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button