शराब के नशे में धुत कलयुगी बेटे ने पिता की गला दबाकर की हत्या
आरोपी बेटा पुलिस हिरासत में, मां का आरोप आए दिन करता था मारपीट, बड़े भाई को भी घर से भगाया

सीहोर। शहर के कोली मोहल्ला गंज में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शराब के लिए पैसे न मिलने से नाराज एक कलयुगी पुत्र ने अपने ही पिता की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सुभाष शाक्य 55 वर्ष अपने परिवार के साथ गंज क्षेत्र में रहते थे। उनका 28 वर्षीय बेटा सोनू शाक्य शराब का आदी है। मृतक की पत्नी और आरोपी की मां कृष्णा बाई ने रोते हुए पुलिस को बताया कि सोनू को शराब की लत लग चुकी है और वह हर दिन नशे के लिए पैसों की मांग करता था। पैसे न मिलने पर वह घर में गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाता था।
गला दबाकर ले ली जान
बीती रात सोनू शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पिता से पैसों की मांग करने लगा। जब सुभाष शाक्य ने पैसे देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। आवेश में आकर सोनू ने अपने पिता पर हमला कर दिया और उनका गला दबा दिया। दम घुटने के कारण सुभाष शाक्य की मौके पर ही मौत हो गई। मां कृष्णा बाई ने बताया कि सोनू अपने बड़े भाई से भी आए दिन लड़ाई झगड़ा करता था और उसे घर छोडऩे पर मजबूर कर दिया था।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
सीएसपी अभिनंदना शर्मा के अनुसार पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी बेटा सोनू शाक्य पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।



