अब जेल की सलाखों के पीछे मनेगी चोर की दीवाली, पुलिस ने दबोचा शातिर बाइक चोर

सीहोर। कहते हैं चोरी का फल हमेशा बुरा होता है और अगर त्यौहार के ठीक मुहाने पर कोई कारनामा किया जाए तो सजा भी वैसी ही मिलती है। भैरुंदा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चुराने वाले एक शातिर चोर की दीवाली इस बार पुलिस ने अपने अंदाज में जेल की रोशनी में मना दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी गई बाइक को बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे उपजेल भैरुंदा पहुंचा दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसारए गत 6 नवंबर को अतरालिया निवासी फरियादी विजेश पंवार पिता कैलाशचंद पंवार ने भैरुंदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बीती 3 सितंबर की रात करीब 10 बजे उनकी स्टारसिटी मोटरसाइकिल कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सूचना पर धराया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी रौशन जैन के मार्गदर्शन में भैरुंदा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली जिसके आधार पर संदेही विष्णु परते पिता बिसन परते निवासी गिलहरी को हिरासत में लिया गया। जब पुलिस ने अपने अंदाज में पूछताछ की तो आरोपी विष्णु परते ने मोटरसाइकिल चुराने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गई स्टारसिटी बाइक को जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे उपजेल भैरुंदा भेज दिया गया है।



