
सीहोर। समाज सेवा और चिकित्सा के क्षेत्र में अपना जीवन समर्पित करने वाली शहर की प्रतिष्ठित चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. पुष्पा कन्नौजिया को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए राज्य स्तर पर गौरव प्राप्त हुआ है। विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में डॉ. कन्नौजिया को प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने उत्कृष्ट सेवा सम्मान से नवाजा।
राजधानी भोपाल में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से उन चुनिंदा सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और चिकित्सकों को आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने समाज कल्याण और जनहित में असाधारण कार्य किए हैं। डॉ. पुष्पा कन्नौजिया को यह सम्मान उनके द्वारा लंबे समय से किए जा रहे निस्वार्थ कार्यों के लिए दिया गया है। राज्यपाल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनकी सेवाओं की सराहना की।
विविध क्षेत्रों में सक्रिय योगदान
बता दें डॉ. पुष्पा कन्नौजिया केवल चिकित्सा सेवा तक सीमित नहीं रही हैं, बल्कि वे सामाजिक सरोकारों से गहराई से जुड़ी हुई हैं। जिनमें लोगों को जीवनदान देने के लिए रक्तदान के प्रति जागरूक करना। युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना। मानसिक बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज में इसे लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना। नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास।