
स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या को लेकर भोपाल सांसद आलोक शर्मा से आग्रह किया था। जनता की मांग को गंभीरता से लेते हुए सांसद आलोक शर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर ओवरनाइट एक्सप्रेस का सीहोर में पुनः ठहराव शुरू करने की मांग की थी। सांसद शर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि सीहोर जिले के बड़ी संख्या में यात्री इस ट्रेन का उपयोग करते हैं तथा स्टॉपेज बंद होने से उन्हें अतिरिक्त दूरी तय कर अन्य स्टेशनों से यात्रा करनी पड़ रही है। उन्होंने इसे जनहित का विषय बताते हुए शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया था। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद आलोक शर्मा की मांग को स्वीकार करते हुए ओवरनाइट एक्सप्रेस के सीहोर स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस निर्णय से सीहोर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सांसद आलोक शर्मा ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की सुविधाओं और आवश्यकताओं को लेकर वे निरंतर प्रयासरत हैं, वहीं सीहोरवासियों ने भी ट्रेन के पुनः ठहराव की मंजूरी मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए सांसद के प्रयासों की सराहना की है।