Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

ब्रेन हेमरेज पीडि़त बुजुर्ग बुधनी के ट्रायडेंट हेलीपैड से एयर एंबुलेंस द्वारा नागपुर रेफर

सीहोर। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में सीहोर एवं नर्मदापुरम जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। नर्मदापुरम जिले के ग्राम रसूलिया के रहने वाले 83 वर्षीय बुजुर्ग श्रीराम गोपाल टोकसे अचानक ब्रेन हेमरेज का शिकार हो गए। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल उच्च स्तरीय इलाज के लिए नागपुर रेफर किया। इस आपातकालीन स्थिति में मरीज के लिए बुधनी का ट्रायडेंट हेलीपैड जीवन रक्षक केंद्र बनकर उभरा, जहां से उन्हें पीएम श्री एयर एंबुलेंस के जरिए सुरक्षित नागपुर पहुंचाया गया।
बता दें इस पूरे जीवन रक्षक ऑपरेशन में बुधनी के ट्रायडेंट स्थित हेलीपैड की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही। नर्मदापुरम जिला प्रशासन ने सुबह सीहोर जिला प्रशासन से संपर्क साधा और मरीज की नाजुक हालत का हवाला देते हुए बुधनी के ट्रायडेंट हेलीपैड पर तत्काल सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। चूंकि मामला एक बुजुर्ग की जिंदगी से जुड़ा था, इसलिए सूचना मिलते ही सीहोर कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देश पर पूरा प्रशासनिक अमला मिनटों में सक्रिय हो गया। मरीज को नर्मदापुरम से ग्रीन कॉरिडोर के जरिए सुगमता से बुधनी हेलीपैड तक लाने और वहां एयर एंबुलेंस को सुरक्षित लैंड और टेक-ऑफ कराने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां की गईं।
तहसीलदार की अगुवाई में अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
बुधनी तहसीलदार ललित सोनी ने बताया कि कलेक्टर के आदेश पर प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों ने आपस में बेहतरीन समन्वय स्थापित किया। सुबह से ही ट्रायडेंट हेलीपैड पर मेडिकल टीम, सुरक्षा बल और तकनीकी अमला तैनात कर दिया गया था। पूरी प्रक्रिया को इतनी व्यवस्थित ढंग से अंजाम दिया गया कि कहीं भी एक मिनट का भी समय बर्बाद नहीं हुआ। सुबह लगभग 11 बजे श्रीराम गोपाल टोकसे को बुधनी के इसी ट्रायडेंट हेलीपैड से पीएम श्री एयर एंबुलेंस में शिफ्ट कर नागपुर के लिए रवाना कर दिया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू हो चुका है।
मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रही पीएम श्री एयर एंबुलेंस
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा गंभीर रूप से बीमार और सडक़ दुर्घटना के शिकार लोगों को त्वरित और निशुल्क आपातकालीन चिकित्सा सहायता देने के लिए इस सेवा का संचालन किया जा रहा है। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर इलाज पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई यह पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा आज गंभीर मरीजों, दुर्घटना प्रभावितों और आपदा पीडि़तों के लिए वास्तव में एक जीवन रक्षक संजीवनी के रूप में कार्य कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button