किसानों की बढ़ी आय: सीहोर में पहले ही ‘जैविक हाट बाजार’ में 2.5 लाख रुपये तक के उत्पाद बिके

सीहोर। उपभोक्ताओं के बीच सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग सीहोर में रविवार को साफ नजर आई, जहां कृषि विभाग द्वारा बाल बिहार मैदान पर शुरू हुए साप्ताहिक जैविक प्राकृतिक हाट बाजार ने पहले ही दिन 2 से 2.5 लाख रुपये तक की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की। यह हाट बाजार अब प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर द्वारा शुरू किए गए इस बाजार में जिले के पंजीकृत 25 जैविक कृषकों ने जैविक अनाज, दालें, फल, सब्जियां, शुद्ध कच्ची घानी का तेल और अश्वगंधा जैसे स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद बिक्री के लिए रखे थे। नगरवासियों में इन उत्पादों को खरीदने का इतना उत्साह था कि स्थिति यह रही कि शाम 4 बजे तक अधिकांश किसानों के पास बिक्री के लिए कुछ भी नहीं बचा। कृषि विभाग की यह पहल जैविक और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है, जिसे पहले ही दिन भारी सफलता मिली है।
रविवार को आयोजित प्रथम जैविक प्राकृतिक हाट बाजार में जिले के पंजीकृत 25 जैविक कृषकों ने अपने-अपने उत्पाद बिक्री के लिए लाए। इन उत्पादों में जैविक अनाज, दालें, विभिन्न प्रकार की जैविक सब्जियां और फल, जैविक कच्ची घानी का शुद्ध तेल, वर्मी कम्पोस्ट, जैविक हल्दी, जैविक अश्वगंधा सहित अनेक स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद उपलब्ध थे। हाट बाजार के प्रति नगरवासियों में विशेष उत्साह देखा गया, जिसका परिणाम यह रहा कि किसानों द्वारा पहले ही दिन लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये तक का कुल विक्रय किया गया। नगर के नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न अधिकारियों द्वारा भी जैविक उत्पाद खरीदे गए। स्थिति यह रही कि शाम 4 बजे तक अधिकांश किसानों के लगभग सभी उत्पाद बिक गए। कृषि विभाग द्वारा की गई यह पहल जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने, किसानों की आय वृद्धि करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि अशोक कुमार उपाध्याय, सहायक संचालक अनिल जाट सहित कृषि विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।



