Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

किसान मूंग खरीदी को लेकर निकालेंगे किसान अधिकार पदयात्रा, 27 जुलाई को सेठानी घाट से भोपाल घेराव के लिए होंगे रवाना

सीहोर। किसानों की लंबित समस्याओं और सरकार के रवैये को लेकर किसान संगठनों का आक्रोश गहराता जा रहा है। ज्ञापन, प्रदर्शन और चक्काजाम के बाद अब संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले प्रदेशभर के किसान भोपाल घेराव की तैयारी में जुट गए हैं। इसी क्रम में 27 जुलाई को सुबह 11 बजे सेठानी घाट नेशनल हाईवे नर्मदापुरम से भोपाल तक तीन दिवसीय भव्य किसान अधिकार पदयात्रा निकाली जाएगी।
किसान स्वराज संगठन भैरूंदा, संयुक्त किसान मोर्चा ने सीहोर जिले सहित पूरे प्रदेश के किसानों से अपने हक और अधिकारों की लड़ाई में पूरी ताकत के साथ शामिल होने की अपील की है। किसान नेताओं का कहना है कि पूर्व में किए गए आंदोलन और ज्ञापनों के बाद भी सरकार द्वारा ध्यान न दिए जाने से किसानों में भारी असंतोष व्याप्त है।
किसानों की ये हैं 9 प्रमुख मांगें
100 प्रतिशत मूंग खरीदी: मूंग फसल की शत प्रतिशत खरीदी का आदेश तुरंत जारी किया जाए।
ई-टोकन व्यवस्था बंद हो: मूंग खरीदी में लागू ई-टोकन प्रणाली को पूर्णत: प्रतिबंधित किया जाए।
फसल बीमा की राशि वितरण: प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को फल बीमा की राशि दी जाए और इसके वितरण में व्याप्त विसंगतियों को दूर किया जाए।
एमएसपी पर खरीदी योजना: भावांतर योजना को बंद कर मक्का, सोयाबीन और धान की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने की ठोस योजना बनाई जाए।
पूर्ण कर्जमुक्ति: प्रदेश के सभी किसानों को संपूर्ण कर्ज से मुक्त किया जाए।
एमएसपी गारंटी कानून: किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए एमएसपी गारंटी कानून बनाया जाए।
सिंचाई परियोजना चालू हो: गोपालपुर सिंचाई उद्वहन परियोजना को शीघ्र चालू किया जाए।
जमीन अधिग्रहण का चार गुना मुआवजा: रेलवे और हाईवे निर्माण में अधिग्रहित किसानों की भूमि व समस्त संपत्तियों का चार गुना मुआवजा दिया जाए।
झोलियापुर बैराज में पानी: आंवलीघाट से पाइपलाइन द्वारा पानी लिफ्ट करके झोलियापुर बैराज में डाला जाए।
तैयारी के साथ आने की अपील
आयोजकों ने पदयात्रा में शामिल होने वाले सभी किसान भाइयों से अनुरोध किया है कि यह 3 दिवसीय लंबा पैदल मार्च है, इसलिए वे अपनी दैनिक जरूरत की चीजें जैसे जरूरी दवाइयां, मोबाइल चार्जर, कपड़े, बैग, टॉर्च और बिस्तर साथ लेकर ही पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button