आखिरकार पांच दिन बाद मंत्री करण सिंह वर्मा ने लिया संज्ञान, कलेक्टर को लिखा सहायता का पत्र

सीहोर। इछावर के मोगरा रोड पर गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के मामले में आखिरकार पांच दिन बाद विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने संज्ञान लिया है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की बेरुखी को लेकर दो दिन पहले 21 अगस्त को सीहोर हलचल द्वारा खबर प्रमुखता से प्रसारित किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हुई। इसके बाद राजस्व मंत्री ने पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने हेतु कलेक्टर सीहोर को पत्र जारी किया है।
बुधवार 19 अगस्त को वार्ड नंबर 12 स्थित मोगरा रोड के पास एक निजी खेत में हुआ था। स्कूल में बैग रखकर बाहर खेलने निकले तीन मासूम प्रशांत, उसका छोटा भाई पृथ्वीराज और उनका साथी दीक्षांत निजी निर्माण कार्यों के लिए खोदे गए मुरम के गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए थे। गड्ढे में पानी लबालब भरा था। नहाने के दौरान एक बच्चे के डूबने पर उसे बचाने की कोशिश में तीनों मासूम एक-एक कर गहरे पानी में समा गए। हादसे में सुभाष के दोनों बेटों और अखिलेश के इकलौते सहारा की मौत हो गई, जिससे दो परिवारों का चिराग बुझ गया।
सीहोर हलचल की खबर का असर
घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी जब सत्ता व विपक्ष के बड़े नेता पीडि़त परिवारों को ढांढस बंधाने नहीं पहुंचे तो सीहोर हलचल ने इस संवेदनहीनता को उजागर किया था। खबर का असर यह हुआ कि मंत्री करण सिंह वर्मा के पुत्र व प्रतिनिधि विष्णु वर्मा के अनुसार इछावर हादसे से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। मंत्री करण सिंह वर्मा ने पीडि़त परिवार को 4-4 लाख रुपये की राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं और इसके लिए कलेक्टर को औपचारिक पत्र भी भेज दिया गया है।

Exit mobile version