Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

आसमान से बरस रही आग, आज पारा 44 डिग्री पार जाने का अलर्ट

सीहोर। नौतपा शुरू होने से पहले ही जिला भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को जिले भर में तीव्र गर्मी का अलर्ट जारी किया है। आज जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से लेकर 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बता दें गर्म हवाओं के थपेड़ों और झुलसाने वाली धूप के कारण सुबह 11 बजे से ही सडक़ों पर सन्नाटा पसरने लगा है और दोपहर में हालात अघोषित कफ्र्यू जैसे नजर आ रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हवाओं का रुख बदलने और राजस्थान की ओर से आ रही सूखी-गर्म हवाओं के कारण सीहोर में लगातार तापमान बढ़ रहा है। केवल दिन ही नहीं, बल्कि अब रातें भी तपने लगी हैं। न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को कूलर और एसी के बाद भी रात में उमस और बेचैनी का सामना करना पड़ रहा है।
आज कैसा रहेगा सीहोर का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक गर्म हवाएं तेजी से चलेंगी। सीहोर शहर और ग्रामीण इलाकों, आष्टा, नसरुल्लागंज, रेहटी, इछावर, बुदनी में पारा रिकॉर्ड स्तर पर छू सकता है। बता दें सूरज के तीखे तेवरों के चलते मुख्य बाजारों में दोपहर के समय आवाजाही बेहद कम देखी जा रही है, लोग जरूरी काम होने पर ही पूरी तरह चेहरा ढंककर बाहर निकल रहे हैं।
लापरवाही पड़ सकती है भारी
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने इस भीषण गर्मी को देखते हुए नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, जिसमें धूप में सीधे निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। चक्कर आना, उल्टी होना या तेज सिरदर्द होना लू के लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो-तीन दिनों तक गर्मी के तेवर ऐसे ही कड़े रहेंगे और तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button