Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बिजली के खंभे तोडक़र तार चोरी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। इछावर थाना पुलिस ने बिजली के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने और सरकारी संपत्ति की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ग्राम मोलगा और रामनगर के बीच 11 केव्ही लाइन के 18 खंभे तोडक़र तार चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से करीब 8 लाख रुपये का मशरूका और वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार भी जब्त की गई है।
बीती 4 मई को इछावर के सहायक यंत्री विदुर दुबे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने रामनगर और मोलगा के बीच स्थित 11 केव्ही बिजली लाइन के 18 खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया और वहां से कीमती तार चोरी कर ले गए। इस घटना से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई थी। पुलिस ने विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और एएसपी सुनीता रावत के निर्देशन में एसडीओपी भैरूंदा रोशन कुमार जैन और थाना प्रभारी पंकज वाडेकर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर घेराबंदी करते हुए कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया। जब उनसे सख्ती से पूछताछ की गईए तो उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
अयान खां निवासी कोलीपुरा, इछावर।
जेद हसन निवासी ग्राम ब्रिजिशनगर।
राजेन्द्र मेवाड़ा निवासी ग्राम ब्रिजिशनगर।
राजा बामनिया निवासी ग्राम ब्रिजिशनगर।
कार और हथियार भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया बिजली का तार बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 08 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा बिजली के तार काटने में इस्तेमाल किए गए हथियार कटर व दराता और चोरी का माल ढोने के लिए उपयोग की गई ओमनी वैन को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक पंकज वाडेकर, प्रधान आरक्षक विक्रम रघुवंशी, अमित चौहान, राजेश तिवारी, रामनरेश नरवरिया, आरक्षक नरेन्द्र जाट और सैनिक विक्रम सिंह की मुख्य भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button