रामधुन से गूंजा गांधी पार्क, कांग्रेसजनों ने बापू व शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

सीहोर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्थानीय गांधी पार्क परिसर भक्ति, शांति और देशभक्ति के माहौल से सराबोर हो उठा। जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों के साथ सामूहिक रामधुन का गायन किया। रामधुन की मधुर स्वर लहरियों से पूरा गांधी पार्क गुंजायमान हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उपस्थित सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में सामूहिक रूप से रामधुन गाई। भक्तिमय वातावरण में गूंजती रामधुन ने परिसर में मौजूद हर व्यक्ति को शांति और समरसता का संदेश दिया।
रामधुन सत्य, करुणा और एकता का प्रतीक
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि गांधी जी के जीवन में रामधुन केवल एक भजन नहीं, बल्कि सत्य, करुणा, अहिंसा और सर्वधर्म समभाव का प्रतीक थी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में महात्मा गांधी के सत्य-अहिंसा के सिद्धांत और शास्त्री जी का जय जवान, जय किसान का संदेश देश की एकता को मजबूत करने का सबसे बड़ा जरिया है। समाज में आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखना ही इन महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता गांधी जी और शास्त्री जी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए संकल्पबद्ध है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राममूर्ति शर्मा, विष्णु प्रसाद राठौर, ओम वर्मा, राजाराम बड़े भाई, राजेन्द्र वर्मा, रमेश गुप्ता, डॉ. अनीस खान, रामायण प्रसाद शुक्ला, हफीज चौधरी, नरेन्द्र खंगराले, मजीद अंसारी, मुनव्वर मामू, इरफान लाला, केके रिछारिया, भगत सिंह तोमर, कमलेश चाण्डक, आसिफ अंसारी, अजय रायकवार, विनीत गोयल, आरती खंगराले, हरिओम सिसोदिया, लक्की सक्सेना, जितेन्द्र परमार सहित महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



