Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बकरा चोर गैंग का पर्दाफाश, कार से घूमकर चुराते थे मवेशी, 5 लाख का माल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

लग्जरी कार में घूमकर सूने कमरों के ताले तोडक़र उड़ा ले जाते थे कीमती बकरे-बकरियां

सीहोर। रेहटी थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही बकरा चोरी की वारदातों का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। चोर कोई साधारण लोग नहीं, बल्कि स्विफ्ट डिजायर जैसी लग्जरी कार से घूमकर वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश थे। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त 5 लाख रुपये की कार और 20 हजार रुपये नगद कुल 5.20 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर लिया है।
बता दें क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बकरा चोरी की घटनाओं ने पशुपालकों की नींद उड़ा दी थी। रेहटी थाने में एक के बाद एक तीन बड़ी शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। जिसमें दिनांक 16 नवंबर को फरियादी सरदार सिंह चौहान निवासी खानपुरा खेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर उनके घर के कमरे का कुंडा और ताला तोडक़र तीन कीमती बकरे कीमत करीब 50 हजार रुपए चुरा ले गए। इसी दिन अर्जुन सिंह कीर निवासी आगरा ने शिकायत की कि 29 अक्टूबर की शाम से रात के बीच कोई अज्ञात शख्स उनके कमरे का दरवाजा खोलकर एक कीमती बकरा (कीमत 20 हजार रुपये) चुरा ले गया। जबकि आकाश कुछबंदिया निवासी सतराना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अक्टूबर की रात उनके घर के कमरे का दरवाजा खोलकर दो बकरे और एक बकरी कीमत (45 हजार रुपये) चोरी हो गए। लगातार हो रही इन चोरियों से ग्रामीणों में भारी रोष का माहौल था। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, कार में घूमते थे चोर
घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। रेहटी थाना प्रभारी निरीक्षक हिमलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच के दौरान पुलिस का संदेह ऊंचाखेड़ा निवासी जतिन पर गया। जब पुलिस ने संदेही जतिन पिता कमलेश कीर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की पूरी वारदात का कच्चा-चिठ्ठा खोल दिया।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे स्विफ्ट डिजायर कार से गांवों में घूमते थे और रात के समय ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे जहां बकरे-बकरियां बंधे होते थे। कमरों के ताले या कुंडे तोडक़र वे मवेशियों को गाड़ी में लादकर फरार हो जाते थे और बाद में उन्हें किसी अनजान व्यक्ति को बेच देते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 5 लाख रुपये की स्विफ्ट डिजायर कार और बकरे बेचने से मिले 20 हजार रुपये नगद जब्त कर लिए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में जतिन पिता कमलेश कीर निवासी ऊंचाखेड़ा, विकास उर्फ शम्भू पिता हरगोविन्द कुमरे निवासी तालपुरा और नीरज उर्फ धीरज पिता राधेश्याम गांगुली निवासी होलीपुरा थाना बुदनी शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button