Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नशे में पोती को लेकर फरार हुआ था दादा, पुलिस ने कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद

घरेलू कलह के चलते शराब के नशे में नाबालिग बच्ची को ले गया था दादा, गुजरात ले जाने की थी चर्चा

सीहोर। मण्डी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। घर में चल रहे कलह और शराब के नशे में एक दादा अपनी ही नाबालिग पोती को बिना बताए साथ लेकर निकल गया था। परिवार में मचे हडक़ंप के बाद पुलिस ने त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में बच्ची को सकुशल तलाश कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 अक्टूबर को मण्डी थाना प्रभारी अर्चना सिंह चौहान को इलाका भ्रमण के दौरान डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम रफीकगंज में एक पारिवारिक विवाद के बादए शराब के नशे में धुत एक दादा अपनी नाबालिग पोती को जबरन अपने साथ ले गया है। इस घटना से परिवार में चिंता फैल गई। जब परिजनों ने खोजबीन की तो बच्ची के चाचा को यह जानकारी मिली कि दादा बच्ची को लेकर सीधे गुजरात जाने की बात कह रहा था। मामला गंभीर होते देख पुलिस ने बिना एक पल गंवाए एक्शन लेना शुरू कर दिया।
रेलवे पुलिस और थानों का तालमेल बना मददगार
दादा के इरादे को भांपते हुए मण्डी पुलिस ने तत्परता दिखाई। जीआरपी भोपाल और आरपीएफ सीहोर से संपर्क कर रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाई गई। वहीं चाचा से मिली इस सूचना पर कि वे ग्राम खारखेड़ी जा सकते हैं, थाना खजूरी सडक़ पुलिस से तुरंत संपर्क साधा गया। पुलिस टीमों के बीच बेहतरीन समन्वय का नतीजा यह रहा कि कुछ ही समय बाद थाना खजूरी सडक़ से सूचना मिली कि बच्ची अपने दादा के साथ ग्राम खारखेड़ी में मौजूद है।
सकुशल मिली बच्ची
सूचना मिलते ही मण्डी पुलिस की टीम तुरंत ग्राम खारखेड़ी पहुंची, जहां बच्ची के पिता और अन्य ग्रामीण भी मिल गए। पुलिस ने जब बच्ची से बातचीत की तो उसने बताया कि उसके दादा ही उसे लेकर गांव पहुंचे थे। पूछताछ में दादा ने स्वीकार किया कि घर में उपजे पारिवारिक विवाद के कारण गुस्से में वह बच्ची को अपने साथ ले आया था। पुलिस ने बच्ची के पिता के कथन दर्ज किए, जिसमें पिता ने बताया कि उनकी बेटी पूरी तरह सुरक्षित है और उसके साथ किसी भी प्रकार का अपराध घटित नहीं हुआ है। पुलिस ने पारिवारिक माहौल को संभालते हुए बच्ची को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया, जिससे पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button