Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

माता शबरी परिसर में गुरु वंदन, छात्र अभिनंदन और वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न

सीहोर। सूर्या फाउंडेशन द्वारा संचालित स्थानीय माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर में भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर और गौरवशाली गुरु शिष्य परंपरा को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरु वंदन, छात्र अभिनंदन एवं वृक्षारोपण विषय पर आधारित यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस त्रिवेणी संगम कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र निर्माता शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करना, शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का हौसला बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संदेश देना था।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारत विकास परिषद की महिला शाखा प्रमुख सुनीता सोनी, भारत विकास परिषद शाखा सीहोर के अध्यक्ष रितेश राठौर, कोषाध्यक्ष अंकुश जैन तथा संस्कार संयोजिका शोभा चांडक विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
गुरुओं का सम्मान, छात्राओं का अभिनंदन
सनातन परंपरा का निर्वहन करते हुए गुरु वंदन सत्र में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. विनीत गाबा को माला, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मंचासीन अतिथियों ने विद्यालय के सभी कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर सम्मान किया। इस दौरान छात्राओं ने भी अपने गुरुओं के प्रति अगाध श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में साल भर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 होनहार छात्राओं को भारत को जानो पुस्तकें भेंट कर उनका विशेष अभिनंदन किया गया।
संस्कार और अनुशासन ही सफलता का आधार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुनीता सोनी ने कहा कि गुरु के बिना सच्चे ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। आज के विद्यार्थी ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। जीवन में किसी भी मुकाम को हासिल करने का असली आधार कड़ी मेहनत, अनुशासन और हमारे संस्कार हैं। उन्होंनें कहा कि माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएं केवल सीहोर जिले में ही नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा के दम पर पूरे देश में परचम लहरा रही हैं, जो हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
पर्यावरण बचाओ के संदेश के साथ हुआ वृक्षारोपण
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अमित दुबे द्वारा किया गया। सामूहिक रूप से गाए गए राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ मुख्य सत्र का समापन हुआ। इसके तुरंत बाद पर्यावरण बचाओ के संकल्प के साथ सभी अतिथियों, परिषद के सदस्योंए शिक्षकों और छात्राओं ने मिलकर विद्यालय परिसर में सघन वृक्षारोपण किया और पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी ली। आयोजन के दौरान विद्यालय के प्रबंधक सत्येंद्र शर्मा, प्राचार्य डॉ. विनीत गाबा, उप प्रबंधक संदीप मौर्य, दिनेश वर्मा, अरविंद गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button