दिन भर की उमस के बाद शाम को झमाझम बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी

सीहोर। सोमवार को मौसम के दो अलग-अलग मिजाज देखने को मिले। दिन भर लोग भीषण उमस और बेचैनी से परेशान रहे, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और जिला मुख्यालय पर गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से जहां आम जनता को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है, वहीं मौसम विभाग ने जिले के लिए आगामी 24 घंटों में भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
बता दें सोमवार दोपहर तक आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच उमस का प्रकोप बना हुआ था। इसके बाद शाम करीब 4.30 बजे अचानक मौसम बदला और शहर के आसमान में काले घने बादलों का डेरा जमा हो गया। बादलों की सघनता के कारण दिन में ही अंधेरे जैसा माहौल बन गया। इसके तुरंत बाद तेज रफ्तार से झमाझम बरसात शुरू हो गई। हालांकि यह तेज बारिश ज्यादा देर तक नहीं चली और करीब आधे घंटे बाद थम गई, लेकिन इस थोड़ी देर की बारिश ने ही मौसम को पूरी तरह खुशनुमा और ठंडा बना दिया।
जिले के लिए येलो अलर्ट जारी
मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो चुका है। सीहोर जिले में रविवार को भी कई हिस्सों में आंधी-बारिश का दौर देखा गया था। लगातार सक्रिय हो रहे मानसून को देखते हुए मौसम विभाग ने सीहोर जिले को येलो अलर्ट पर रखा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में जिले में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।



