अहमदपुर थाने में हिंदी की ‘मिस्टेक’, एसपी के औचक निरीक्षण में खुली पोल, मददगार की जगह अंकित है मददगर

सीहोर। जिले के अहमदपुर थाने में वैसे तो पुलिस अपराधियों पर नजर रखती है, लेकिन बुधवार की रात जब पुलिस कप्तान खुद निरीक्षण करने पहुंची तो थाने के अंदर की एक बड़ी लापरवाही और हिंदी की मिस्टेक उजागर हो गई। दरअसल थाने के अंदर परिसर में जिस कक्ष के बाहर आरक्षक मददगार लिखा होना चाहिए था, वहां आरक्षक मददगर अंकित हैं।
बता दें बुधवार रात जब पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंची। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड बारीकी से परखा। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पूजा शर्मा और अहमदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रमन सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
एसपी ने किया हवालात और मालखाने का भौतिक सत्यापन
एसपी सक्सेना ने निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, हवालात, मालखाना और शस्त्रागार का स्वयं भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने मालखाने में सुरक्षित रखे गए जब्तशुदा माल और महत्वपूर्ण दस्तावेजों के रख-रखाव की स्थिति को देखा। मालखाने के सुव्यवस्थित संधारण और कोर्ट के आदेशानुसार जप्त माल के समयबद्ध निराकरण के लिए उन्होंने थाना प्रभारी को जरूरी निर्देश दिए। इसके साथ ही हवालात की सुरक्षा व्यवस्था, वहां रोशनी के इंतजाम का बारीकी से परीक्षण किया।
पेंडिंग केस डायरियों को देखा, सुस्त रफ्तार पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध पंजी, ड्यूटी रजिस्टर, विभिन्न प्रकरणों की केस डायरी और अन्य महत्वपूर्ण शासकीय अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने क्षेत्र में महिला अपराधों की समीक्षा की और लंबित विवेचनाओं की प्रगति जानी। एसपी ने लंबे समय से लंबित पड़े अपराधों, शिकायतों और वारंट तामीली की सुस्त रफ्तार पर गहरी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
आमजन से हो सौहार्दपूर्ण व्यवहार
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने में पदस्थ समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों से एक-एक कर संवाद किया। स्टाफ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन को सुरक्षा का अहसास कराना है। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि पुलिस का व्यवहार आम नागरिकों और फरियादियों के प्रति संवेदनशील, सौहार्दपूर्ण व सहयोगात्मक होना चाहिए, वहीं दूसरी तरफ अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस का रवैया बेहद कठोर और प्रभावी होना चाहिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अनुशासन, अच्छा टर्नआउट, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करने की नसीहत दी।
बाजार और प्रमुख मार्गों पर किया पैदल मार्च
थाने के निरीक्षण के बाद क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा आम जनता के बीच सुरक्षा का विश्वास जगाने के उद्देश्य से एसपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने पैदल भ्रमण किया। एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस टीम के साथ अहमदपुर कस्बे के प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों और संवेदनशील चौराहों पर पैदल घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।



