
सीहोर। नेशनल हाईवे-46बी के मिडघाट सेक्शन में बुधवार तडक़े एक सडक़ हादसा हो गया। यहां सडक़ किनारे खराब खड़े एक डंपर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार आइसर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में एक मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार तडक़े करीब 4 बजे का है। नेशनल हाईवे-46बी पर एक डंपर अचानक खराब हो गया था, जिसे चालक ने सडक़ के किनारे खड़ा कर दिया था। डंपर का चालक नीचे उतरकर अपने वाहन को ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक आइसर ट्रक के चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण खड़े डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ही वाहनों का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहनों के टकराने की आवाज सुनकर हाईवे से गुजर रहे अन्य राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े।
हादसे में दो की मौत
बताया जा रहा है इस हादसे में एक युवक और एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई, कुछ लोग घायल हुए हैं। घायल हुए अन्य लोगों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मृतकों और घायलों की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है ताकि उनके परिजनों को सूचना दी जा सके।
मौके पर पहुंची बुधनी पुलिस, मर्ग कायम
घटना की जानकारी मिलते ही बुधनी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों के बीच फंसे घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया।