मैं भले ही दिल्ली चला जाऊं, लेकिन दिल से नहीं जाऊंगा : शिवराज सिंह चौहान

भाजपा सलकनपुर मंडल द्वारा किया गया लड्डु एवं फलों से तुलादान

रेहटी। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक शिवराज सिंह चौहान अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ बुधनी विधानसभा के भैरूंदा, रेहटी, बुधनी एवं शाहगंज पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर यहां पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए वे यहां पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह का ऐतिहासिक स्वागत, सत्कार हुआ। जन्मदिन के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री का रेहटी में भाजपा के सलकनपुर मंडल द्वारा लड्डु एवं फलों से तुलादान किया गया। इससे पहले रेहटी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री का मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया, आतिशबाजी की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने रेहटी के नए बस स्टैंड के पास बनाए गए नगर परिषद के नवीन भवन का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, उपाध्यक्ष अर्चना राजीव शर्मा, वरिष्ठ पार्षद भगवत सिंह ठाकुर सहित अन्य पार्षदगण मौजूद रहे। यहां से वे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। रास्तेभर उनका कई जगह मंच बनाकर स्वागत, सत्कार एवं सम्मान किया गया। फूलों की वर्षा भी होती रही। रेहटी के पुराने बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पार्टी नेतृत्व ने उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए विदिशा से प्रत्याशी बनाया है। वे अब सांसद बनकर दिल्ली जाएंगे, लेकिन भले ही दिल्ली चला जाउं, लेकिन बुधनी विधानसभा के अपने परिवार और यहां के मेरे भांजे, भांजी, बहनों, बुजुर्गों के दिलों से बाहर नहीं जाउंगा।
मैं नेता नहीं, परिवार का सदस्य हूं-
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे यहां पर नेता के तौर पर नहीं आते हैं, बल्कि अपने परिवार से मिलने के लिए एक पारिवारिक सदस्य की तरह आते हैं। रेहटी से उनका पुराना नाता है। उनकी राजनीति की शुरूआत ही रेहटी नगर से हुई। रेहटी उनके दिल में गहराई से बसता है। उन्होंने कहा कि देश सहित प्रदेश लगातार तरक्की के रास्ते पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार उन्नति, प्रगति कर रहा है। अब देश दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है तो वहीं अब अगले पांच वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी शक्ति के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि अब वे भी गिलहरी की तरह देश की उन्नति में अपना योगदान देंगे, लेकिन भले दिल्ली चला जाउं, लेकिन यहां के लोगों के दिलों से नहीं निकलूंगा।
भैरूंदा में किया रात्रि विश्राम, सुबह किया पौधरोपण-
पूर्व मुख्यमंत्री 5 मार्च को जन्मदिन के अवसर पर पहले भैरूंदा नगर पहुंचे। यहां पर उनका भव्य स्वागत हुआ तो वहीं उनका यहां पर तुलादान भी किया गया। भैरूंदा में जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, नगर परिषद अध्यक्ष मारूति शिशिर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने उनकी भव्य अगवानी की। इसके बाद वे रोड शो में शामिल हुए एवं सीएम राईज स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और यहां पर उपस्थित लोगों को संबोधित किया। पूर्व मुख्यमंत्री के स्वागत, सत्कार के लिए भैरूंदावासी देर रात तक मैदान में डटे रहे। पूर्व मुख्यमंत्री ने भैरूंदा स्थित गेस्ट हाउस में ही रात्रि विश्राम किया। सुबह नगर के सामाजिक संगठन, वकील, प्रबुद्धजनों के साथ चर्चा की। इसके बाद तहसील कार्यालय पहुंचकर पौधरोपण किया एवं शासकीय महाविद्यालय परिसर में नवीन खेल मैदान का शुभारंभ भी किया। पूर्व सीएम शिवराज सिंह कृषि संगोष्ठी भवन पहुंचे और नारी शक्ति सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए तथा लाडली बहनों से संवाद किया। इसके बाद वे रेहटी के लिए रवाना हुए।
युवा मोर्चा ने किया रक्तदान-
पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर युवा मोर्चा रेहटी-सलकनपुर मंडल द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इस दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। युवा मोर्चा के सलकनपुर मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान किया गया। इस दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपना 65 यूनिट रक्तदान किया। यह सभी यूनिट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी को सौंपा गया।
रूद्रधाम एवं इटावा सरकार के भी किए दर्शन-
पूर्व मुख्यमंत्री ने रमगड़ा स्थित रुद्रधाम पर रुककर पूजा-अर्चना की एवं यज्ञशाला के परिक्रमा किए तथा प्रसाद भी ग्रहण की। उन्होंने इटावा सरकार के भी दर्शन किए।
ये रहे उपस्थित-
इस अवसर पर सांसद रमाकांत भार्गव, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत, वरिष्ठ नेता गुरूप्रसाद शर्मा, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, रेहटी नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र मीना पटेल, भाजपा सलनकपुर मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा, आसाराम यादव, रामनारायण साहू, रामगोपाल टेलर, अनार सिंह चौहान, मनोहरलाल माहेश्वरी, अर्चना राजीव शर्मा, भगवत सिंह ठाकुर, नीतेश साहू, चेतन सिंह पटेल, राजेश राजपूत, गोपाल मुकाती सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।