Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीमेंट से छिपाकर गुजरात ले जाई जा रही 41 लाख की अवैध शराब जब्त, ट्रक के गुप्त केबिन से 325 पेटी बरामद

सीहोर। मध्य प्रदेश से गुजरात भेजी जा रही अवैध शराब की एक बड़ी खेप को कोतवाली पुलिस ने पकडऩे में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए ट्रक की बॉडी में सीमेंट बिखेर रखी थी और अंदर एक गुप्त केबिन बना रखा था। पुलिस ने घेराबंदी कर 325 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की हैए जिसकी बाजार कीमत लगभग 41 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में अलीराजपुर जिले के रहने वाले चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदन शर्मा के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 20 और 21 अगस्त की दरमिनी रात थाना प्रभारी कोतवाली रविंद्र यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि भोपाल की तरफ से एक ट्रक अवैध शराब लेकर गुजरात की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित की गई और बिलकिसगंज-झागरिया रोड स्थित ग्राम बरखेड़ी के पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की गई। संदिग्ध ट्रक के पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोक लिया और चालक व क्लीनर को हिरासत में ले लिया।
ऐसे खुला अवैध शराब का राज
जब पुलिस ने ट्रक के पिछले हिस्से की जांच की तो वह पूरी तरह खाली मिला, जिसमें केवल सीमेंट बिखरी हुई थी ताकि देखने में लगे कि ट्रक खाली लौट रहा है। हालांकि पुख्ता खबर होने के कारण पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों की चालाकी का खुलासा हुआ। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने ट्रक को दो हिस्सों में बांट रखा था। केबिन से सटा अगला हिस्सा एक सीक्रेट कंपार्टमेंट था, जिसे लोहे के छोटे दरवाजे से बंद कर नट-बोल्ट से कसा गया था। जब उस गुप्त दरवाजे को खोला गया तो अंदर एमडी व्हिस्की और रॉयल स्टैग की 325 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब भरी मिली।
वैध दस्तावेज नहीं मिले, आबकारी एक्ट में केस दर्ज
शराब के परिवहन के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने 41 लाख रुपये मूल्य की शराब और ट्रक को विधिवत जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लोड की गई थी और गुजरात में किसे डिलीवर की जानी थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बबलू चौहान 24 वर्ष पिता ठाकुर सिंह चौहान निवासी इंदिरा कॉलोनी जोबट जिला अलीराजपुर और सिकंदर मंडलोई 33 वर्ष पिता अजय मंडलोई निवासी तड़वी फालिया, जोबट जिला अलीराजपुर शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button