सलकनपुर में अब श्रद्धालुओं पर ‘जानवरों’ का नहीं, ‘जिम्मेदारों’ का हमला!

सीहोर। प्रसिद्ध विजयासन देवी धाम सलकनपुर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिले के इस प्रसिद्ध धाम में पहले जंगली जानवरों के हमलों की खबरें चर्चा में रहती थीं, लेकिन इस बार मंदिर समिति के जिम्मेदारों ने ही श्रद्धालुओं पर धावा बोल दिया। महज 20 रुपये की पर्ची और ऑनलाइन भुगतान को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें देवास से आए पांच श्रद्धालुओं पर जानलेवा हमला कर उनकी कार में जमकर तोड़ाफोड़ी की गई।
जानकारी के अनुसार देवास जिले के ग्राम बोलासा थाना भौंरासा निवासी फरियादी जितेन्द्र ओढ़ अपने साथी रोहित सिंह गौड़, प्रदीप सिंह गौड़, शिवेंद्र प्रताप सिंह राजपूत और सचिन चौहान के साथ कार से सलकनपुर माता मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर के ऊपरी मार्ग पर वाहनों से 20 रुपये की शुल्क रसीद काटी जाती है। प्रवेश गेट पर जब श्रद्धालुओं ने 20 का ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही तो पर्ची काटने वाले कर्मचारियों ने ऑनलाइन पेमेंट लेने से साफ इनकार कर दिया और बहस करने लगे। विवाद बढ़ता देख श्रद्धालुओं ने नगद 20 रुपये देकर मामला शांत किया और माता के दर्शन करने चले गए।
बेसबॉल बैट और डंडों से किया हमला
दर्शन करने के बाद शाम लगभग 4.15 बजे जब श्रद्धालु बैरियर पार्किंग पहुंचे तो वहां घात लगाए बैठे लगभग 20 लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा नीचे तुम क्या गदर करके आए हो, श्रद्धालुओं के मना करने पर आरोपियों ने बेसबॉल बैट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बेसबॉल के बल्ले से सिर फाड़ा
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जितेन्द्र ओढ़ के सिर पर बेसबॉल के बल्ले से वार किया, जिससे उनका सिर फट गया। दोस्त रोहित सिंह गौड़ बचाने आए तो आरोपियों ने उनके हाथ-पैर पर डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मारपीट की चपेट में आकर वहां मौजूद अन्य राहगीर व आम श्रद्धालु भी घायल हो गए।
कार में तोडफ़ोड़, 50 हजार का नुकसान
मारपीट के बाद जब श्रद्धालु अपनी कार से जान बचाकर भागने लगे तो आरोपियों ने डंडों से कार के आगे, पीछे और साइड के सभी कांच फोड़ दिए। पीडि़त के अनुसार तोडफ़ोड़ से गाड़ी को लगभग 40 हजार से 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि आज तो बच गए, आइंदा हमसे लड़े तो जान से खत्म कर देंगे।
करणी सेना ने दी चेतावनी
घटना के बाद फरियादी की शिकायत पर पुलिस थाना रेहटी में नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पीडि़तों ने हमलावरों की पहचान बंटी, कान्हा और अजय के रूप में की है। वहीं करणी सेना ने श्रद्धालुओं पर हुए इस हमले पर कड़ा विरोध जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
जिम्मेदारों की गुंडागर्दी पर उठे सवाल
बता दें सलकनपुर देवी धाम में इन दिनों भव्य देवी लोक का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। ऐसे में मंदिर परिसर की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों और मंदिर समिति के लोगों द्वारा श्रद्धालुओं पर इस तरह हमला करना सुरक्षा व्यवस्था पर सीधे सवाल उठा रहा है।



