आष्टा से सीहोर के लिए रवाना हुई जीतू पटवारी की यात्रा, कोतवाली चौराहे पर होगी सभा

सीहोर। मध्य प्रदेश के युवाओं, बेरोजगार छात्रों और परेशान किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में निकाली जा रही दो दिवसीय युवा स्वाभिमान यात्रा का आज दूसरा दिन है। आष्टा में रात्रि विश्राम के बाद आज बुधवार सुबह यह यात्रा सीहोर के लिए रवाना हो चुकी है। यात्रा को लेकर सीहोर बॉर्डर से लेकर जिला मुख्यालय तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि इंदौर, देवास और सोनकच्छ से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा दौलतपुर्र मेहतवाड़ा और डोडी होते हुए मंगलवार शाम आष्टा पहुंची थी। यात्रा के दौरान जावर जोड़ पर ग्रामीण छात्र-छात्राएं एवं चुनौतियां विषय पर एक सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जीतू पटवारी ने छात्रों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद आष्टा के पुराना दशहरा मैदान स्थित गोकुलधाम गार्डन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा संवाद के बाद यात्रा का रात्रि विश्राम हुआ।
आज कोतवाली चौराहे पर होगी विशाल महासभा
आज बुधवार सुबह यह यात्रा आष्टा से आगे के सफर पर निकल चुकी है। यात्रा आष्टा से रवाना होकर कोठरी, अमलाहा, सौंडा, नापली, मुगीसपुर, इंदौर नाका, बढिय़ाखेड़ी और बड़ा बाजार होते हुए दोपहर तक सीहोर मुख्यालय पहुंचेगी। दोपहर में सीहोर के कोतवाली चौराहे पर एक विशाल युवा स्वाभिमान जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इस सभा को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के कई राष्ट्रीय व प्रादेशिक स्तर के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद यह यात्रा आनंद डेरी चौराहा, बस स्टैंड, सेकड़ाखेड़ी रोड और फंदा टोल टैक्स होते हुए राजधानी भोपाल की ओर रवाना होगी। भोपाल पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ता व छात्र मिलकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

Exit mobile version