Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

भाजपा कार्यालय में मोर्चों की संयुक्त बैठक संपन्न, ‘राष्ट्र प्रथम’ ही पार्टी का मूलमंत्र, समय पर कार्यकारिणी बनाने के निर्देश

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक को भाजपा मध्यप्रदेश के समस्त मोर्चों के प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्र और भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा का पुष्पगुच्छ भेंट कर व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। सभी मोर्चों के जिलाध्यक्षों ने भी उनका अभिनंदन किया।
सत्ता नहीं, राष्ट्र प्रेम और जनसेवा है भाजपा का उद्देश्य
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्र ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक ही मूलमंत्र है… राष्ट्र प्रथम। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सत्ता पाने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रेम और जनसेवा की भावना से काम करती है। उन्होंने सभी मोर्चों के जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे तय समय-सीमा में अपनी कार्यकारिणी घोषित करें और उसमें जमीनी स्तर पर सक्रिय व समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दें।
देश की एकता और सुरक्षा पर जताई चिंता
श्री मिश्र ने कहा कि देश में कुछ ऐसी ताकतें सक्रिय हो रही हैं जो भारत की एकता और अखंडता को कमजोर करने की कोशिश करती हैं और विपक्ष का ऐसी ताकतों के साथ खड़ा होना चिंताजनक है। उन्होंने इजरायल, फ्रांस व यूरोप के कुछ देशों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जब देशविरोधी प्रवृत्तियां बढ़ती हैं तो सामाजिक व्यवस्था और एकता पर असर पड़ता है। इसलिए हर नागरिक को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को लेकर सजग रहना चाहिए।

हर मोर्चे की अपनी अहम भूमिका
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चे संगठन के बेहद महत्वपूर्ण अंग हैं। जैसे शरीर के हर हिस्से का अपना महत्व होता है, वैसे ही संगठन और समाज के प्रति हर मोर्चे की अपनी जिम्मेदारी है। उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी पूरी निष्ठा से निभाएं।
बैठक में प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला उपाध्यक्ष आनंद पटेल, जिला मंत्री प्रीति सोनी, जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश पंवार, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश सह सोशल मीडिया प्रभारी अनिता भंडेरिया और अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि नागले मंचासीन रहे। इसके अलावा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा और किसान मोर्चा के जिलाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button