कैलाश सारंग स्मृति फुटबॉल स्पर्धा, खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाने चर्च ग्राउंड पहुंचे संत हरिराम दास

सीहोर। खेल और युवाओं के प्रति स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग जी के सेवाभाव को याद करते हुए शहर के चर्च ग्राउंड पर द्वितीय जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आयोजन जारी है। स्वर्गीय कैलाश सारंग की पावन स्मृति में आयोजित इस लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने के लिए विशेष रूप से ंत हरिराम दास महाराज मठ मंदिर मैदान पर पहुंचे।
मैदान पर पहुंचने पर आयोजक मंडल ने पुष्पहार से महाराज का स्वागत किया। इसके बाद संत हरिराम दास जी ने खिलाडि़य़ों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक लगाकर मैच का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाडि़य़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि फुटबॉल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीहोर के युवा खिलाड़ी लगातार कड़ी मेहनत करेंगे और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर स्वर्गीय कैलाश सारंग जी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मैदान पर दिखा कड़ा मुकाबला
फुटबॉल एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि प्रतियोगिता में दो रोमांचक लीग मैच खेले गए, जिनमें जूनियर वर्ग में सीहोर क्लब और सीहोर मिनी बॉयज के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सीहोर क्लब ने 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। सीहोर क्लब की ओर से शानदार खेल दिखाते हुए पुष्प ने दो और ध्रुव ने एक गोल किया।
जबकि सीनियर वर्ग में सीहोर बॉयज और सीहोर चिल्ड्रन के मध्य कड़ा मैच हुआ, जिसमें सीहोर बॉयज ने 1-0 से बाजी मारी। सीहोर बॉयज के लिए युवराज ने निर्णायक गोल दागा।
इस आयोजन के दौरान मैदान पर मनोज कनौजिया, अताउल्लाह खान, शैलेंद्र चंदेल, विजेंद्र परमार, मनोज अहिरवार, प्रदीप चोपड़ा, आनंद उपाध्याय, दीपक बॉथम सहित आयोजन समिति के तमाम सदस्य, वरिष्ठ खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।



