Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

हड़ताल पर बैठे कोटवारों ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन

सीहोर। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे कोटवारों ने सोमवार को अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारियों जन प्रतिनिधियों के बेरुखी भरे व्यवहार को लेकर भी कोटवारों में आक्रोश बना रहा। मध्य प्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ के आह्वान पर 22 अक्टूबर से हड़ताल पर बैठे कोटवारों से मिलने अब तक कोई भी जिम्मेदार नहीं पहुंचा। जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल के पास कोटवार काम बंद हड़ताल कर धरने पर बैठे हैं।
मध्य प्रदेश आजाद कर्मचारी कोटवार संघ के जिला अध्यक्ष छगनलाल मालवीय ने कहा कि मध्य प्रदेश की वर्तमान सरकार धोखेबाजी कर रही है पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोटवारों की सभी मांगे पूरी करने का वादा किया था जिसमें से उन्होंने हमें पुलिस जैसी वर्दी देकर सम्मानित किया था। मामूली सा वेतन भी बढ़ाया था लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। वर्दी का पैसा भी नहीं दिया जा रहा है और उपलब्ध कराई गई वर्दी पहनने लायक नहीं है वर्तमान सरकार हमें उक्त खराब वर्दी पहना कर जोकर बनना चाहती है। लंबे समय से कोटवार सेवाभूमि का मालिक बनाने, सरकारी कर्मचारी घोषित करने और वर्दी की राशि बैंक खाते में ही देने की मांग सरकार से कर रहे हैं। सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए हमें अर्धनग्न होना पड़ रहा है।
1000 से अधिक कोटवार हड़ताल पर
मध्य प्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ के आह्वान पर पूरे प्रदेश में कोटवारों के द्वारा की जा रही हड़ताल के तहत सीहोर जिले के 1000 से अधिक कोटवार भी 28 अक्टूबर तक हड़ताल पर बैठ रहेंगे और कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन देंगे इसके बाद भोपाल पहुंचकर भी प्रदर्शन किया जाएगा।
अर्धनग्न धरना प्रदर्शन हड़ताल में जिला उपाध्यक्ष कालूराम, सीहोर तहसील अध्यक्ष अमर सिंह मालवीय, उपाध्यक्ष राकेश मालवीय, लालू सेन इछावर, गोपाल सिंह, गोपाल सिंह अहिरवार, अजबसिहं सेवनिया, मंगीलाल, खुशीलाल बड़ी संख्या में कोटवार शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button