Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

लईक कुरैशी हत्याकांड: गिरफ्तारी में देरी से भडक़ा आक्रोश, परिजन धरने पर बैठे, आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग

एसपी निवास के पास दिनदहाड़े हुई थी हत्या, 5 नामजद आरोपियों में से एक गिरफ्तार, चार की तलाश में पुलिस की दबिश

सीहोर। मण्डी थाना अंतर्गत एसपी निवास के नजदीक दिनदहाड़े हुए लईक कुरैशी हत्याकांड के बाद शहर में तनाव और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हत्या के बाद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज मृतक के परिजन और स्थानीय नागरिक गुरुवार को धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। इस संबंध में नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन भी सौंपा है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शेष चार आरोपियों की तलाश जारी है।
मंडी थाना क्षेत्र स्थित मस्जिद के पास हुए इस हत्याकांड के विरोध में गुरुवार को मृतक लईक कुरैशी के परिजन अपने घर के पास ही धरने पर बैठ गए। मृतक के पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए कहा कि जब तक सभी नामजद आरोपी पकड़े नहीं जाते, तब तक उन्हें न्याय मिलने का भरोसा नहीं है। धरने में परिवार के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
हत्याकांड को लेकर आम नागरिकों में भी भारी रोष है। लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर कहा कि पुलिस अधीक्षक निवास के इतने करीब दिनदहाड़े हत्या होना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। नागरिकों ने मांग की है कि अपराधियों में कानून का डर पैदा करने के लिए फरार आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए और उनके घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाए।
चार आरोपी अब भी फरार
गौरतलब है कि बुधवार को एसपी निवास मार्ग के नजदीक 45 वर्षीय लईक कुरैशी पर हमलावरों ने घेराबंदी कर हमला बोल दिया था। परिजनों के अनुसार आरोपियों ने लईक के साथ मारपीट की और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल लईक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने इस हत्याकांड में सलीम, अजीज, नौशाद, हाशिम और अयान को नामजद किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में से एक अजीज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सलीम, नौशाद, हाशिम और अयान अब भी फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग.अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
रास्ते में गेट निकालने के पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एसपी बंगले के पास ही रहते हैं। उनके बीच मकान निर्माण और रास्ते में गेट निकालने को लेकर लंबे समय से पुराना विवाद और रंजिश चल रही थी। बुधवार को इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुलिस अब हमले में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है।
गिरफ्तारी पहली प्राथमिकता
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल कार्रवाई में जुट गई थी। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और बाकी चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। बुलडोजर कार्रवाई आगे की कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता सभी फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है।
डॉ. अभिनंदना शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक सीहोर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button