Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सलकनपुर देवी धाम पहाड़ी मार्ग पर लगा लंबा जाम, 2 घंटे परेशान रहे श्रद्धालु

सीहोर। प्रसिद्ध देवी धाम सलकनपुर में गुप्त नवरात्रि और रविवार की छुट्टी के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके कारण पहाड़ी पर स्थित मंदिर की ओर जाने वाले सडक़ मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मंदिर जा रहे चार पहिया वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए, जिससे श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी और उमस में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इधर सडक़ मार्ग पर जाम लगने की सूचना मिलते ही सलकनपुर पुलिस चौकी का बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस कर्मियों ने मोर्चा संभाला और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे वाहनों को आगे बढ़ाया और यातायात को सुचारू कराया।
गलत पार्किंग बनी जाम की वजह
श्रद्धालुओं के अनुसार जाम लगने का सबसे बड़ा कारण सूर्य द्वार सीढ़ी मार्ग पर सडक़ किनारे वन क्षेत्र के अंदर लगी अस्थायी दुकानें हैं। ये दुकानदार सीढिय़ों से दर्शन कराने का लालच देकर श्रद्धालुओं की कारों को बीच चढ़ाई में ही सडक़ किनारे जबरन खड़ा करवा देते हैं। वाहन चालकों से कहा जाता है कि यहां से सीढ़ी मार्ग पास पड़ेगा। इस अव्यवस्थित पार्किंग के कारण मुख्य सडक़ संकरी हो जाती है और पीछे आ रहे वाहनों के पहिए थम जाते हैं।
हर रविवार विशेष फोकस की जरूरत
सलकनपुर देवी धाम में रविवार और त्योहारों के दिन श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सडक़ किनारे लगने वाली अस्थायी दुकानों और मनमानी पार्किंग के कारण यह समस्या अब गंभीर होती जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन को इस अव्यवस्था पर जल्द ही कोई ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। हर रविवार को पुलिस प्रशासन को विशेष ध्यान देने की जरुरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button