
सीहोर। महाराणा प्रताप जी एवं बुंदेलखंड केसरी महाराज छत्रसाल जी की जयंती आगामी 17 जून को जिले में बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। इस वर्ष आयोजित होने वाले इन भव्य कार्यक्रमों में मुख्य आकर्षण मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह होंगे। वे राजपूत समाज द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
बता दें प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी जिला मुख्यालय पर राजपूत समाज धर्मशाला एवं श्री राम मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। 17 जून को शाम 4 बजे कुंवर चैन सिंह जी की छतरी से एक भव्य दोपहिया वाहन रैली शुरू होगी। यह रैली इंदौर नाका से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरती हुई भोपाल नाका पहुंचेगी। इसके बाद गीता मानस भवन और नए बस स्टैंड पर जाकर इस भव्य रैली का समापन होगा। इस मुख्य आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर समाज को संबोधित करेंगे।
राजपूत समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने जिले के सभी सामाजिक बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस वाहन रैली और कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। अपील करने वालों में गोविंद सिंह सिसोदिया, राज सिंह सिसोदिया, रामसिंह चौहान, किशोर सिंह सिसौदिया, प्रेमनारायण सिंह परमार, प्रहलाद सिंह राठौड़, भारत सिंह देवड़ा, भूपेन्द्र सिंह बैस, शैलेन्द्र सिंह, प्रद्युम्न सिंह, अक्षयराज सिंह चौहान, सौरभ सिंह, सुरेन्द्र सिंह, योगेन्द्र सिंह, गोकल सिंह और अर्जुन सिंह सहित समाज के कई संगठन व पदाधिकारी शामिल हैं।
महासभा कराएगा भाषण-चित्रकला प्रतियोगिता
इसी कड़ी में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा महाराणा प्रताप और महाराज छत्रसाल जयंती के अवसर पर चाणक्यपुरी स्थित हिमांश गार्डन में एक विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान बच्चों, युवाओं और महिलाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के मुख्य विषय
भाषण प्रतियोगिता: महाराज छत्रसाल एवं महाराणा प्रताप का जीवन परिचय और उनका मुगलों से संघर्ष।
निबंध प्रतियोगिता: भोपाल संभाग के जिलों (सीहोर, रायसेन, विदिशा, भोपाल, राजगढ़) में मुगल और अंग्रेज शासकों के खिलाफ राजपूतों की ऐतिहासिक भूमिका।
चित्रकला प्रतियोगिता: इसका विषय पर्यावरण संरक्षण रखा गया है।
इस कार्यक्रम में ये रहेंगे विशिष्ट अतिथि
महासभा के इस कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय सीहोर के डीन डॉ. आईएस तोमर, पूर्व प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़, प्राध्यापक डॉ. आईएस नारुका, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. बलवीर सिंह तोमर और वीआईटी के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रदीप सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष ठाकुर गणेश सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह राठौर, धीरेंद्र सिंह राजावत, मुकेश सिंह दरबार, शिवशंकर सिंह, शैलेंद्र सिंह चंदेल, गोपाल सिंह ठाकुर, इंद्रपाल सिंह गहरवार और राजेंद्र सिंह सिकरवार ने सभी स्वजातीय बंधुओं से उपस्थिति की अपील की है।