Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दुकान से पटाखे जब्त

एसडीएम और सीएसपी ने पटाखा बाजार का किया निरीक्षण, कार्बाइड गन के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध

सीहोर। जिले में दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर में औचक निरीक्षण कर बिना लाइसेंस के बेचे जा रहे पटाखे जब्त किए हैं। साथ ही सुरक्षा मानकों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों ने पटाखा बाजार और मैगजीन का भी निरीक्षण किया।
तलैया मोहल्ला कस्बा सीहोर निवासी रफीक अहमद पिता अब्दुल अजीज की दुकान पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि दुकान पर बिना किसी वैध अनुमति और लाइसेंस के भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके से सभी अवैध पटाखे जब्त कर लिए। यह पूरी कार्रवाई टीआई गिरीश दुबे और तहसीलदार अमित सिंह द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
एसडीएम तन्मय वर्मा ने कहा कि सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अवैध पटाखों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम-सीएसपी ने किया पटाखा बाजार का निरीक्षण
अप्रिय घटनाओं को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए एसडीएम तन्मय वर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बीएसआई मैदान स्थित पटाखा बाजार और क्षेत्र की मैगजीन का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानों पर अग्निशमन यंत्र रेत की बाल्टियां, पानी की व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपायों की बारीकी से जांच की। दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वे पटाखों का सुरक्षित भंडारण करें और दुकानों के आसपास किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ न रखें।
कार्बाइड गन के निर्माण और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप के निर्माण, क्रय-विक्रय, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। यदि कोई इसका उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दुकानदारों से यह भी अपील की है कि यदि कहीं भी कार्बाइड गन के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button