पुलिस का नशे के सौदागरों पर बड़ा एक्शन, 3 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

सीहोर। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भैरूंदा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम नयागांव में दबिश देकर घर में छिपाकर रखा गया 3 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नयागांव निवासी पर्वतनाथ पिता हरिनाथ उम्र 42 वर्ष अपने घर में अवैध गांजा छिपाकर रखे हुए है और रोजाना शाम के समय उसकी छोटी-छोटी पुडिय़ा बनाकर बेचने का काम करता है।
घर के बॉक्स में मिला गांजे का बैग
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मामले को पूरी तरह गोपनीय रखा और तत्काल नियमानुसार आरोपी के मकान पर दबिश दी। जब पुलिस ने घर के कमरों की तलाशी ली तो एक कमरे में रखे बड़े बॉक्स से एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ। बैग को खोलने पर उसमें से चार अलग-अलग पैकेटों में भरा अवैध गांजा मिला।
90 हजार रुपये का माल जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जब बरामद गांजे का वजन कराया तो वह 3 किलो 100 ग्राम निकला, जिसकी कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से ही गांजे को जब्त करते हुए आरोपी पर्वतनाथ को हिरासत में ले लिया। थाने लाकर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।



